इटली में आखिरकार 100 दिन के बाद शुक्रवार को इटेलियन कप से फुटबॉल की वापसी हुई, लेकिन बिना दर्शकों के खेले गए मैच में बगैर कोई गोल किए ही यूवेंटस फाइनल में पहुंच गई। एसी मिलान के खिलाफ तुरिन में सेकेंड लेग के सेमीफाइनल में 16वें मिनट में ही मेजबान टीम को पेनल्टी मिली, लेकिन क्रिस्टियानो रोनाल्डो गोल करने से चूक गए।
युवेंटस की ओर से खलते हुए पिछले दो सीजन में रोनाल्डो ने दूसरी बार पेनल्टी मिस की। दोनों टीमें फुलटाइम तक गोल नहीं कर सकीं और मैच 0-0 से बराबरी पर छूटा। फिर भी अवे गोल रूल (घर से बाहर विपक्षी के खिलाफ ज्यादा गोल करने) के हिसाब से युवेंटस फाइनल में पहुंचीं। पहले यह सेमीफाइनल 4 मार्च को खेला जाना था, लेकिन कोरोना की वजह से इसे रद्द करना पड़ा था। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में युवेंटस का सामना नेपोली और इंटर मिलान के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
खिलाड़ियों ने कोरोना से जान गंवाने वालों के लिए मौन रखा
इससे पहले, दोनों टीमों ने कोरोना की वजह से जान गंवाने वाले इटली के लोगों की याद में एक मिनट का मौन रखा। इसके बाद दोनों टीमों ने स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान में तालियां भी बजाईं। बताते चले कि इटली में मरने वालों की संख्या 34 हजार से भी ज्यादा है। इटेलियन कप के फाइनल के बाद 20 जून से सीरी-ए लीग शुरू होगी।