एक शानदार समारोह में रविवार को मुंबई में इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल की चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इस लीग के पहले संस्करण की शुरुआत एक हफ्ते बाद 12 अक्तूबर से हो रही है।
करीब दो महीने तक चले वाले इस टूर्नामेंट का फाइनल 20 दिसंबर को खेला जाएगा।
ट्रॉफी के अनावरण के मौके पर नीता अंबानी समेत सभी 8 क्लबों के आइकन खिलाड़ी भी मौजूद थे जिसमें एलेक्जेंद्रो डेल पिएरो और फ्रेड्रिक लजुंगबर्ग प्रमुख हैं।
नीता अंबानी फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट की चेयरमैन भी हैं। इस शानदार ट्रॉफी को डिजाइनर फ्रेजर एंड हवास ने बनाया है और इसकी लंबाई 26 इंच है। कपनुमा इस ट्रॉफी के ऊपरी हिस्से पर आईएसएल का लोगो बना हुआ है। ट्रॉफी के हैडल पर नक्काशी की गई है और इसमें 24 कैरेट गोल्ड है।
इस दौरान नीता अंबानी ने कहा, "मैंने विश्व के महान फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ इंडियन सुपर लीग ट्रॉफी का अनावरण किया। यह दिन हम सभी के लिए यादगार है। इन सभी रोल मॉडलों ने पूरे विश्व में हजारों खिलाड़ियों को प्रेरित किया है। मुझे पूरा यकीन है कि आईएसएल ट्रॉफी भारत के उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी।"
आईएसएल में भाग लेने वाले 8 क्लब
मुंबई सिटी एफसी
दिल्ली डायनामोस एफसी
नॉर्थ-ईस्ट यूनाइटेड एफसी
एफसी पुणे सिटी
एफसी गोवा
चेन्नईयन एफसी
एटलाटिको डी कोलकाता
केरला ब्लास्टर एफसी।