भारतीय फुटबॉल टीम के विश्व कप क्वालिफायर मैच को कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के कारण टाल दिया गया। इससे राष्ट्रीय टीम में वापसी का इंतजार कर रहे फॉरवर्ड खिलाड़ी जेजे लालपेखुलुआ को झटका लगा है। वह इन दिनों मिजोरम में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस महामारी के कारण लगभग सभी खेल आयोजनों को रद्द या स्थगित कर दिया है। इनमें आगामी 2022 फुटबॉल विश्व कप क्वालिफायर के मैच भी शामिल है। भारत को इसमें अपने घरेलू मैदान पर कतर (26 मार्च) के खिलाफ और जून में बांग्लादेश और अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना था।
जेजे ने कहा, ‘मैं वास्तव में भुवनेश्वर में होने वाले शिविर का इंतजार कर रहा था। इसके निलंबन होने से बड़ा झटका लगा है। मौजूदा हालात में शिकायत की भी गुंजाइश नहीं है। मैं पूरी तरह से इस फैसले का समर्थन कर रहा हूं। पिछले सत्र में मेरे घुटने में चोट लगी थी और मई में सर्जरी हुई। मेरा रिहैबिलिटेशन पूरा हो गया है। मुझे महसूस हो रहा कि मैं पूरी फिटनेस हासिल करने के करीब पहुंच रहा हूं। शुरुआत में मैंने चेन्नई में अपना रिहैबिलिटेशन शुरू किया। उसके बाद मैं विदेश गया था और वहां अच्छा सत्र बिताया। चिकित्सक और फिजियो काफी मददगार थे। कई बार मुझे एक दिन में दो सत्र में भाग लेना होता था जिसने मुझे जल्दी ठीक होने में मदद की। मैं अभी मिजोरम में हूं और यहां चिकित्सकों और फिजियो के परामर्श से व्यक्तिगत सत्र में भाग ले रहा हूं।’
इस फुटबॉल खिलाड़ी ने कोरोना वायरस की महामारी के खिलाफ लड़ाई में शामिल चिकित्सा कर्मचारियों और दूसरे लोगों को सलाम किया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में इस बीमारी से लड़ने में मदद कर रहे चिकित्सा सदस्य और अन्य सभी लोगों को बड़ी सलामी। उनके बिना यह संकट और भी बुरा होता।’