फीफा वर्ल्ड कप के क्वालीफायर मुकाबले में मंगलवार को भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। इस मैच से पहले भारतीय टीम को पसंदीदा माना जा रहा था। आकलन लगाया जा रहा था कि कोलकाता के घरेलू दर्शकों के बीच युवाओं से सजी भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ बड़ी जीत हासिल कर लेगी, लेकिन मैच बराबरी पर छूटने के बाद अब कप्तान सुनील छेत्री बेहद निराश हैं।
मैच के बाद भारतीय कप्तान ने टीम के खराब प्रदर्शन पर माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर छेत्री ने अपने फैंस से कहा कि हम बीती रात साल्टलेक स्टेडिमय में बैठे हजारों फैंस की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए। समूचे ड्रेसिंग रूम में निराशा का माहौल है। हमनें मौके गंवा दिए। आप हमारा ऐसे ही साथ देते रहिए, हम जितने का प्रयास करते रहेंगे।'
भारत के मुख्य कोच इगोर स्टिमैक भी मैच के परिणाम से निराश थे, उन्हें उम्मीद थी कि भारत बांग्लादेश को हरा देगा। लंबी गेंद की रणनीति ने भारत के लिए कई मौके बनाए, लेकिन वे उन्हें भुनाने में असफल रहे। इस मैच को भारत बहुत मुश्किल से ड्रा कराने में सफल रहा। आखिरी वक्त में भारत के डिफेंडर आदिल खान ने 88 वें मिनट में शानदार हेडर के साथ गोल करके भारत की हार को ड्रॉ में बदला।