फीफा रैंकिंग में 81वें स्थान पर काबिज ओमान ने 2019 में 2022 विश्व कप क्वालिफायर के दोनों चरणों में भारत (104वीं रैंकिंग) को हराया था जिससे यह मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है। ओमान की टीम शनिवार को जोर्डन से गोल रहित ड्रॉ खेलने के बाद यह मैच खेलेगी। इससे पहले उसने दिसंबर 2019 में अपना अंतिम मैच खेला था। ओमान ने पिछले दशक में भारत के खिलाफ छह मैच खेले हैं जिसमें से पांच बार उसने जीत हासिल की है। एक मैच ड्रॉ रहा था। भारतीय टीम 2022 विश्व कप क्वालिफाई करने की दौड़ से बाहर हो चुकी है लेकिन अब भी 2023 एशिया कप क्वालिफाई करने की दौड़ में बनी हुई है।
गुरप्रीत सिंह संधू, अमरिंदर सिंह, सुभाषीश रॉय चौधरी, धीरज सिंह, आशुतोष मेहता, आकाश मिश्रा, प्रीतम कोटल, संदेश झिंगन, चिंगलेनसाना सिंह, आदिल खान, मंदर राव देसाई, मशूर शीरीफ, रॉलिन बोरगेस, लालेंगमाविया, जैकसन सिंह, रेनियर फर्नांडिज, अनिरुद्ध थापा, बिपिन सिंह, यासिर मोहम्मद, सुरेश सिंह, हलीचरण नारज़री, लालियानज़ुआला चांगते, आशिक कुरुनियान, मनवीर सिंह, इशान पंडिता, हितेश शर्मा, लिस्टन कोलाको।
भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने कहा कि टीम के 2019 में विश्व कप क्वालिफायर के शुरुआती मैच के फुटेज देखकर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे क्योंकि 82वें मिनट तक बढ़त कायम रखने के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने सितंबर 2019 में गुवाहाटी में ओमान के खिलाफ 2022 विश्व कप क्वालिफायर के पहले मैच में 24वें मिनट में छेत्री की बदौलत 1-0 से बढ़त बना ली थी लेकिन विपक्षी टीम ने अंत में दो गोल कर जीत हासिल कर ली थी। स्टिमक ने कहा,‘पिछले मैचों को देखकर मैं कई बार रो चुका हूं। ओमान के खिलाफ पहला मैच काफी अहम था, उस मैच से फैसला होना था कि हम ग्रुप में पहले दो स्थान (और अगले दौर के लिए क्वालिफाई करने) के लिए मुकाबला करेंगे या नहीं। दुर्भाग्य या इस तरह के महत्वपूर्ण मैचों में खिलाड़ियों के अनुभव की कमी के कारण हम हार गए और इस वजह से मैं हमेशा रोऊंगा।’