आई लीग फुटबॉल टूर्नामेंट की विजेता टीम गोकुलम केरल के गोलकीपर सी के उबैद ने दरियादिली दिखाई है। दरअसल, उन्होंने अपने राज्य केरल में कोरोना के खिलाफ जंग में मदद करने के लिए अपनी जर्सी नीलाम करके 33,000 रुपये जुटाए। इस अनुभवी गोलकीपर ने इस धनराशि को केरल के मुख्यमंत्री के आपदा राहत कोष में जमा किया।
ऐतिहासिक था यह आई लीग खिताब
उबैद ने अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) की आधिकारिक वेबसाइट से कहा, 'यह आई लीग खिताब (केरल राज्य के लिए) ऐतिहासिक था। मैं हमेशा खिताब जीतने का सपना देखता था। मलयाली होने और अपने राज्य के क्लब के लिए इसे जीतना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।''
दूसरे की मदद करके ही मुश्किल समय से पार पा सकते हैं
उन्होंने कहा, 'इसलिए यह जर्सी भी मेरे लिए विशेष है। यह मेरे दिल के टुकड़े जैसी थी लेकिन मुख्य उद्देश्य कोरोना के मरीजों के लिएअधिक सहयोग जुटाना है। यह मुश्किल समय है और हम एक दूसरे की मदद करके ही इससे पार पा सकते हैं।'