फीफा वर्ल्ड कप शुरू होने में अब महज एक पखवाड़े का समय रह गया है। ऐसे में मुख्य ड्रॉ में पहुंची सभी 32 टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं।
12 जून से मुख्य ड्रॉ के मुकाबले शुरू होने से पहले सभी टीमों को 3-3 अभ्यास मैच भी खेलने हैं और इनमें से कुछ मुकाबले ब्राजील में खेले जाएंगे जबकि ज्यादातर मैच अमेरिका में खेले जाने हैं।
दूसरी ओर, वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहे ब्राजील में विदेशी टीमों का पहुंचना शुरू हो गया है। इनमें सबसे पहले ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल टीम ने ब्राजील की धरती पर कदम रख दिए हैं।
पैराग्वे ने कैमरून को हराया
ऑस्ट्रिया में खेले गए अभ्यास मैच में कैमरून और पैराग्वे के बीच मुकाबला बेहद कांटे का रहा। पैराग्वे ने यह मैच 2-1 से जीता।
मुकाबले के शुरुआत में चौथे मिनट में ही पैराग्वे ने बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद दूसरे हाफ में 68वें मिनट में पैराग्वे ने अपनी बढ़त 2-0 कर ली।
अफ्रीकी टीम कैमरून ने मैच में वापसी की काफी कोशिश की लेकिन उसे शुरुआत में सफलता नहीं मिली। 75वें मिनट में मैक्सिम चोपू मोटिंग ने गोलकर अपनी टीम के ऊपर चढ़े गोल के अंतर को कुछ कम जरूर किया। लेकिन अंत में कई प्रयासों के बाद टीम को सफलता नहीं मिली।
होंडुरास को लगा जोर का झटका
अमेरिका में खेले गए एक अभ्यास मुकाबले में टर्की ने होंडुरास को 2-0 से हराकर उसके तैयारियों को तगड़ा झटका लगा है। वर्ल्ड कप क्वालीफाई करने से चुकने वाली टर्की टीम ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया है।
होंडुरास का यह पहला अभ्यास मैच था। मुख्य ड्रॉ के मुकाबले में 15 जून को फ्रांस से भिड़ने से पहले इस अफ्रीकी देश को इजराइल और इंग्लैंड से भी अभ्यास मैच खेलने हैं।
पहले हाफ में दोनों टीम गोल करने में नाकाम रही थी लेकिन बाद में खेल तेज होता गया। मैच का पहला गोल 70वें मिनट में दागा गया। टर्की के स्ट्राइकर मेवल्ट एर्डींग ने गोलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके 13 मिनट बाद 83वें मिनट में कैनर एर्किन ने गोलकर अपनी टीम की जीत पर मुहर लगा दी।
ऑस्ट्रेलियाई टीम सबसे पहले ब्राजील पहुंची
ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल टीम ब्राजील में विश्व कप के लिए पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। टीम कड़ी सुरक्षा के बीच रात में कुरितिबा (ब्राजील) पहुंची और बस से सीधे अपने होटल में पहुंच गई।
वर्ल्ड कप की वेबसाइट के अनुसार हवाई अड्डे पर दर्जन भर हथियारों से लैस पुलिसकर्मी मौजूद थे क्योंकि अधिकारियों को डर था कि कहीं टूर्नामेंट की तैयारियों का विरोध प्रदर्शन करने वाले वहां भी न पहुंच जाएं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम लगातार अपना तीसरा वर्ल्ड कप खेल रही है। उसका पहला मैच 13 जून को चिली के खिलाफ होगा। उन्हें मुश्किल ग्रुप-बी में स्पेन और नीदरलैंड से भी भिड़ना है। टीम रैंकिंग में 59वें स्थान पर है जो टूर्नामेंट की टीमों की सबसे कम रैंकिंग है।