एएस रोमा इटालियन फुटबॉल लीग सीरी ए में फॉर्म में वापसी करते हुए उडीनिस को 2-0 से हराकर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है जबकि इंटर मिलान क्लब जिनोआ के खिलाफ 0-2 की हार के साथ मुश्किलों में घिर गया है। इंटर मिलान को तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। दो महीने पहले बोलोगोना के खिलाफ 2-1 से जीत मिली थी उसके बाद से खराब दौर जारी है।
ए एस रोमा के लिए सेंजिज और डिएगो पेरोटी ने दूसरे हाफ में गोल किए। क्लब के 25 मैचों में 50 अंक हो गए हैं। पच्चीस मैचों में उसकी 15वीं जीत है। वह इंटर मिलान से दो अंक आगे चल रही है। अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही नेपोली के 63 अंक हैं और गत चैंपियन जुवेंटस उससे एक अंक पीछे दूसरे स्थान पर है।
इंटर की ओर से पहला गोल आत्मघाती रहा था जब पहले हाफ में उसके रक्षक खिलाड़ी आंद्रिया रेनोशिया की गलती से गेंद गोलपोस्ट में चली गई थी। दूसरा गोल फॉरवर्ड गोरान पांडेव ने किया था। कोच स्पेलटी ने कहा कि जब आप पहले हाफ में पिछड़ रहे होते हो तो इन हालात में आपके लिए वापसी करना मुश्किल हो जाता है। आपके मनोबल पर असर पड़ता है। इस समय टीम बेहतर नहीं कर रही है तो मुश्किल बढ़ जाती है। हमें अपनी क्षमताओं पर भरोसा करना होगा जिससे हम फिर सही राह पर आ सकते हैं। इंटर की टीम को अपने चोटिल कप्तान और टॉप स्कोरर माउरो इकार्डी और यान कारोमोह की सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
मैच की शुरुआत में ही गोरान ने दो बार अच्छे हमले बोले थे लेकिन गोलकीपर हेंडानोविच ने अच्छे बचाव किए। इसके अलावा एक बार मैटिया पेरिन ने एंटोनियो कांडेरिवा की वॉली पर गेंद को क्लियर कर दिया। हाफ टाइम से ठीक पहले इर्विन जुकानोविच ने क्रास फेंका लेकिन गेंद रेनोशिया के घुटने से लगकर गोलपोस्ट में चली गई। गोरान ने 59 मिनट के बाद बढ़त को दुगना कर दिया था।
दो माह पहले शीर्ष पर था इंटर मिलान
दो महीने पहले शीर्ष पर चल रही इंटर मिलान की टीम 16 दिसंबर तक अजेय चल रही थी लेकिन अब चौथे स्थान पर लुढ़क गई है। यदि लैजियो जो पिछले हफ्ते जिनोआ से हारी सोमवार को होने वाले मुकाबले में वर्नोआ को हरा देती है तो वह पांचवें स्थान पर भी फिसल सकती है।