अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने रविवार को कहा कि गुजरात अपने बुनियादी ढांचे और खेल समर्थक नीति के साथ युवा खिलाड़ियों के लिए खेलों से जुड़ने, प्रगति करने और आगे बढ़ने के लिए केंद्र के रूप में आमने आया है।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के संयुक्त सचिव की भी भूमिका निभाने वाले चौबे पहली गुजरात सुपर लीग (जीएसएल) के समापन दिवस पर बोल रहे थे। इस लीग के सभी मैचों की फीफा प्लस पर 'लाइव स्ट्रीम' की गई।
चौबे ने कहा, '2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘खेल महाकुंभ’ जैसा एक छोटा सा कदम उठाया जिसने ना केवल लाखों युवाओं को खेलों में अवसर दिया बल्कि उसी पहल ने ‘खेलो इंडिया’ के विचार को जन्म दिया जो खेल में महाशक्ति बनने का मार्ग है।'
उन्होंने कहा, '2014 में प्रधान मंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने इस विचार को देश तक पहुंचाया। एक दशक में खेलो इंडिया ने देश के लिए असंख्य खिलाड़ी तैयार किए हैं। हम सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन को देख सकते हैं।'