गोल नंबर-1: अर्जेंटीना vs सर्बिया एंड मोंटेनेग्रो, 2006 वर्ल्ड कप
सर्बिया एंड मोंटेनेग्रो के खिलाफ मैच के 75वें मिनट में लियोनेल मेसी सब्सटिट्यूट के तौर पर मैदान पर आए। अर्जेंटीना उस समय पहले ही 3-0 से आगे चल रहा था। उन्होंने 88वें मिनट में कार्लोस तेवेज के पास पर विश्व कप में अपना पहला गोल किया। उन्होंने नियर-पोस्ट पर कीपर ड्रैगोस्लाव जेवरिक को छकाकर अर्जेंटीना को 6-0 से आगे कर दिया था। वह फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना के सबसे युवा स्कोरर बने।
2010 विश्व कप में अर्जेंटीना का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। उस साल वह एक भी गोल नहीं कर पाए थे। मेसी को इसके बाद चार साल और इंतजार करना पड़ा था। 2014 विश्व कप ब्राजील में खेला गया और इसमें मेसी की टीम फाइनल में पहुंची थी। मेसी के लिए भी यह टूर्नामेंट शानदार रहा था। बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ मैच के 65वें मिनट में मेसी ने गोल करके अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी थी। उन्होंने गोंजालो हिगुएन के पास पर डिफेंडर्स को छकाते हुए गेंद को एक सुंदर फिनिश दिया।
2014 में ईरान के खिलाफ मेसी का तीसरा विश्व कप गोल टूर्नामेंट में इस खिलाड़ी द्वारा किए गए सबसे बेहतरीन गोल में से एक है। 90वें मिनट में मेसी ने ईरान के बॉक्स के बाहर से बेहतरीन गोल किया। गेंद नेट के निचले-बाएं कोने से गोल पोस्ट में चली गई।
मेसी ने 2014 विश्व कप में नाइजीरिया के खिलाफ अर्जेंटीना के ग्रुप-स्टेज मैच में दो बार स्कोर किया। उनका पहला गोल मैच के तीसरे मिनट में हुआ। नियर-पोस्ट पर एंजेल डी मारिया का शॉट गोल पोस्ट से टकराकर वापस आ गया, इस पर वहीं खड़े मेसी ने रिबाउंड पर किक कर गोल दागा।
उनका दूसरा गोल पहले हाफ के एक्स्ट्रा टाइम में आया। अर्जेंटीना को फ्रीकिक मिली, लेकिन वह गोल पोस्ट से काफी दूर थी। हालांकि, मेसी शॉट के लिए गए और नाइजीरिया के कीपर विन्सेंट एन्यामा गेंद की डेविएशन का अंदाजा नहीं लगा सके और बॉल गोल पोस्ट में घुस गई।
2018 फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना और फ्रांस की टीम एक बार फिर सामने आई। अर्जेंटीना के लिए यह मैच जीतना जरूरी था। मेसी ने मैच के 14वें मिनट में शानदार फिनिश के साथ स्कोरिंग की शुरुआत की। एवर बनेगा ने मेसी को बॉक्स के दाईं ओर एक अद्भुत हवाई पास दिया। मेसी ने गेंद को वन टच के साथ कंट्रोल में रखा और फिर किक कर गोल दाग दिया।
10वें मिनट में अर्जेंटीना को पेनल्टी मिलने के बाद मेसी ने सऊदी अरब के खिलाफ विश्व कप में अपना सातवां गोल किया। हालांकि, अर्जेंटीना के फुटबॉल इतिहास में यह एक काला दिन था क्योंकि उसे सऊदी के खिलाफ 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था।
मेसी ने कतर विश्व कप में मैक्सिको के खिलाफ अर्जेंटीना के दूसरे ग्रुप गेम में अपना आठवां विश्व कप गोल किया। अर्जेंटीना के कप्तान ने 64वें मिनट में गोल दागा। एंजेल डी मारिया ने बाएं फ्लैंक से गेंद मेसी को दी। उन्होंने बाएं पैर से शानदार गोल किया। मैक्सिको के गोलकीपर गुलेर्मो ओचोआ गेंद को गोल पोस्ट में जाने से नहीं रोक सके।
राउंड ऑफ-16 मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेसी का नौवां विश्व कप गोल दो कारणों से यादगार रहा। यह टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज में उनके द्वारा किया गया पहला गोल था। साथ ही यह उनके करियर का 1000वां मैच भी था। मैच का पहला गोल मेसी ने 35वें मिनट में किया। निकोलस ओटामेंडी के पास को मेसी ने गोल पोस्ट में पहुंचाया।
मेसी ने क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड के खिलाफ गोल करके गैब्रियल बतिस्तुता के 10 विश्व कप गोल के रिकॉर्ड की बराबरी की। मेसी ने 73वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर अर्जेंटीना को 2-0 की बढ़त दिला दी।
लियोनल मेसी ने कतर के लुसैल स्टेडियम में फीफा विश्व कप 2022 में क्रोएशिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना के लिए रिकॉर्ड 11वां गोल किया। मेसी ने 34वें मिनट में स्पॉट-किक को स्कोर में बदला। अर्जेंटीना के लिए गैब्रियल बतिस्तुता के 10 विश्व कप गोल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।