6 अक्टूबर से शुरू हो रहे फीफी अंडर-17 विश्वकप के ग्रुप ई में होंडूरस, जापान, न्यू कैलेडोनिया और फ्रांस को जगह मिली है। इस ग्रुप में से फ्रांस विश्वविजेता बनने की सबसे प्रबल दावेदार टीमों में से एक है। पांच बार टूर्नामेंट में भाग ले चुकी फ्रांस के इस वर्ग में सीनियर टीम जैसा दबदबा नहीं है। फ्रांस केवल एक बार यह खिताब जीत सकी है। वहीं जापान आठवीं बार इस प्रतियोगिता में पहुंची है लेकिन उसे भी अब तक खिताबी जीत हासिल नहीं हो सकी है। ऐसे में जापान और फ्रांस को होंडूरस ही टक्कर दे सकती है तो साल 2009 में फाइनल तक पहुंची थी। आईए नजर डालते हैं चारों टीमों के अबतक के प्रदर्शन पर...
होंडूरस
चार बार अंडर-17 विश्व कप में हिस्सा ले चुकी टीम 2009 में नाइजीरिया में खेले गए टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने में सफल रही। पिछली बार टीम ग्रुप दौर से आगे नहीं बढ़ सकी थी। कोनकाकैफ टूर्नामेंट में कोस्टारिका के बाद दूसरे स्थान पर रहकर क्वालिफाई किया। कोच जोस वेलाडारेस पिछले दो विश्व कप में दायित्व संभाल चुके हैं।
07: मैचों के बाद यूएई 2013 में खेले गए अंडर-17 विश्व में पहला गोल किया।
जापान
एशियाई टीम आठवीं बार शिरकत करेगी। अब तक दो बार क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया है। 1993 में अपनी मेजबानी में पहली बार अंतिम आठ में पहुंचे थे। तब इटली को ड्रॉ पर रोका था और मैक्सिको को 2-1 से हराया था। नाइजीरिया से हारे जो बाद में चैंपियन बनी। उसके बाद 2011 में अर्जेंटीना, फ्रांस और जमैका के ग्रुप से नॉकआउट दौर में पहुंची और न्यूजीलैंड को हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया था लेकिन ब्राजील से हार गई थी। 2013 में भी नॉकआउट दौर तक पहुंचे। एएफसी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचकर क्वालिफाई किया।
24: गोल किए एएफसी चैंपियनशिप के पांच मैचों में
फ्रांस
पांच बार भागीदारी कर चुकी टीम ने 2001 में त्रिनिदाद एंड टोबैगो में खिताब जीता था। इस स्तर पर टीम का वो रुत्बा नहीं है जो उसकी सीनियर टीम का है। पिछली बार चिली में हुई चैंपियनशिप में टीम नॉकआउट दौर में पहुंची लेकिन कोस्टा रिका ने पेनाल्टी शूटआउट में हराकर बाहर कर दिया। इस साल यूएफा अंडर-17 चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची जहां स्पेन ने उसे 3-1 से पराजित कर दिया था। दो श्रेष्ठ क्वार्टर फाइनल लूजर के बीच प्लेऑफ के जरिए क्वालिफाई किया।
न्यू कैलेडोनिया
पहली बार अंडर-17 विश्व कप में खेलेगी टीम। ओसनिया की नई टीम का फुटबॉल इतिहास पुराना है। 1928 में उसकी फेडरेशन का गठन हो चुका था। टीम ओसनिया फुटबॉल कन्फेडरेशन (ओएफसी) चैंपियनशिप में हिस्सा लेती रही है। इस बार क्वालिफाइंग दौर में पापुआ न्यू गिनी और वानातू को हराया। सेमीफाइनल में सोलोमन आइसलैंड से 3-2 से जीतकर विश्व कप टिकट हासिल किया था। फाइनल में न्यूजीलैंड से जरूर 7-0 से हार गई थी लेकिन यह 14 दिन में उसका पांचवां मैच था।
ग्रुप के मुकाबले
08 अक्टूबर : न्यू कैलेडोनिया बनाम फ्रांस, होंडूरस बनाम जापान
11 अक्टूबर :फ्रांस बनाम जापान, होंडूरस बनाम न्यू कैलेडोनिया
14 अक्टूबर :: फ्रांस बनाम होंडूरस, जापान बनाम न्यू कैलेडोनिया