एफसी गोवा ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में बुधवार को अपना अजेय क्रम बरकरार रखते हुए मुंबई सिटी एफसी को 5-0 से हरा दिया। इस सीजन में गोवा की ये लगातार दूसरी जीत है।
वहीं, इस सीजन में जीत से खाता खोलने वाली मुंबई सिटी एफसी की ये दूसरी हार है। इस जीत के साथ ही गोवा की टीम 10 टीमों की अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है, जबकि मुंबई सिटी एफसी सातवें स्थान पर खिसक गई है।
इस मुकाबले में गोवा ने पहला गोल किया। गोवा की तरफ से कोरो ने छठे मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मुम्बई ने लगातार हमले किए, लेकिन गोल करने में नाकाम रहे।
गोवा की तरफ से 55वें मिनट में बौमोस ने दूसरा, 61वें मिनट में इदू बेदिया ने तीसरा, मिग्युएल फर्नाडेज ने 84वें मिनट में एक और गोल करते हुए मुंबई पर 4-0 की बढ़त दिला दी। एक के बाद एक गोल देखकर इसके बाद मुम्बई काफी दबाव में आ गई थी।
गोवा की आक्रमकता यहीं नहीं रुकी, इंजुरी टाइम में अहमद जाहो ने एक और गोल कर मुंबई सिटी एफसी को 5-0 से हराने में कामयाब रही। इस पूरे मुकाबले में मुंबई गोवा के सामने में बेबस नजर आ रही थी।