रियल मैड्रिड और एटलेटिको मैड्रिड शनिवार को तीन साल में दूसरी बार चैंपियंस लीग फाइनल के लिए आमने-सामने होंगे। रियल मैड्रिड की नजर अपने 11वें खिताब पर होगी।
मिलान में होने वाले मुकाबले में कड़ी टक्कर होने की संभावना है। रियल मैड्रिड के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के पास इस मैच में एक सीजन में चैंपियंस लीग का 17वां गोल कर अपना ही रिकॉर्ड पीछे छोड़ने का मौका रहेगा हालांकि सेन सिरो स्टेडियम में रोनाल्डो कभी गोल नहीं कर पाए हैं।
तीन बार विश्व के श्रेष्ठ फुटबॉलर चुने जा चुके रोनाल्डो का मानना है कि हमारे लिए 11वां चैंपियंस लीग खिताब महत्वपूर्ण है यह अहम नहीं कि गोल कौन करेगा। रोनाल्डो ने कहा, "मैं मुकाबले को लेकर बिल्कुल सकारात्मक हूं। हम एटलेटिको की रणनीतियों से वाकिफ हैं और अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। फाइनल में गोल कर अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ना रोचक होगा लेकिन मेरा फोकस इस पर नहीं है। हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज जीत है।"
पिछली बार जब इन दोनों टीमों के बीच फाइनल हुआ था तो रियल मैड्रिड की टीम अतिरिक्त समय में जीतने में सफल रही थी। अगर रियल मैड्रिड यह खिताब जीतने में सफल रहता है तो क्लब यूरोप में श्रेष्ठ बन जाएगा।
वैसे तुलनात्मक रूप से देखें तो एटलेटिको मैड्रिड की उपलब्धियां रियल मैड्रिड की तुलना में कम हैं लेकिन यह भी सच है कि 2014 फाइनल के बाद पिछली दस भिड़ंत में रियल मैड्रिड सिर्फ एक बार ही जीत दर्ज कर पाया है।
1962 में यूरोपियन विनर्स कप जीतने वाले एटलेटिको मैड्रिड ने 2010 और 2012 में यूरोपा लीग खिताब जीते हैं। एटलेटिको ने क्वार्टर फाइनल में स्टार खिलाड़ियों से सजी बार्सिलोना क्लब की टीम को हराया है।
रियल मैड्रिड की टीम खिलाड़ियों की चोट से भी चिंतित है खासकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को लेकर जिनकी हाल ही में ट्रेनिंग के दौरान जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। रियल के कोच जिनेडिन जिडान मानते हैं कि पुर्तगाली स्टार रोनाल्डो पिछले कुछ हफ्तों से अपनी श्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं। सेंटर बैक राफेल वारेने का भी हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण फाइनल में खेलना भी संदिग्ध है।
दूसरी ओर, एटलेटिको मैड्रिड के मैनेजर डिएगो साइमोन इस बात को लेकर उत्साहित हो सकते हैं कि उनकी टीम के खिलाड़ी मुकाबले से पहले पूरी तरह फिट हैं।