एडुआर्डो वर्गास के दो गोलों की मदद से चिली ने पेरू को 2-1 से हराकर 28 साल में पहली बार कोपा अमेरिका कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। इससे पहले चिली 1987 में फाइनल में पहुंचा था।
वर्गास ने 42वें मिनट में मेजबान टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि यह गोल विवादपूर्ण रहा क्योंकि टीवी रिप्ले से लगा कि गोल के समय वह आफ साइड थे।
पेरू ने 60वें मिनट में बराबरी कर ली जब गैरी मैडल ने आत्मघाती गोल कर दिया लेकिन 64वें मिनट में वर्गास ने निर्णायक गोल कर चिली को जीत दिला दी।
पच्चीस वर्षीय वर्गास ने 30 गज की दूरी से कमाल की किक लगाई जो पेरू के गोलकीपर पैड्रो गैलीस को छकाती हुई सीधे बाक्स के ऊपरी कोने में पहुंची।
पेरू को ज्यादातर समय दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा क्योंकि कार्लोस जैंब्रानो को रेफरी ने पहले यलो कार्ड दिखाया और फिर बाहर कर दिया।
चिली का अब अर्जेँटीना और पेरूग्वे के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से मुकाबला होगा। चिली अब तक कोपा अमेरिका कप का खिताब नहीं जीत पाई है।
चिली और पेरू की पुरानी प्रतिद्वंद्विता मैच के चौथे मिनट में ही नजर आई जब चिली के आर्तुरो विडाल और जैंब्रानो आपस में उलझ बैठे। हालांकि विडाल सौभाग्यशाली रहे जो रेफरी ने उन्हें कॉर्ड नहीं दिखाया।