आईएसएल (इंडियन सुपरलीग) में रविवार को चेन्नइयन एफसी ने जमशेदपुर एफसी के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला। इस मैच में चेन्नइयन एफसी के स्ट्राइकर मोहम्मद रफी ने आखिरी क्षणों में गोल कर अपने टीम को हार के चुंगल से बाहर निकाला। बता दें कि इस मैच में वह बतौर एक सब्स्टिट्यूट (स्थानापन्न) प्लेयर मैदान में उतरे थे।
इससे पहले
जमशेदपुर एफसी के वेलिंगटन प्रियोरी ने मैच के 32वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई थी। जमशेदपुर की टीम मैच के अंतिम क्षणों तक इस बढ़त को कायम रखने में सफल रही, लेकिन तभी चेन्नई के मोहम्मद रफी ने गोलपोस्ट पर गोल दागकर विपक्षियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मोहम्मद रफी ने मैच के 89वें मिनट में हेडर से गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसी के साथ ही दोनों टीमों के बीच खेला गया यह निर्णायक मैच 1-1 के ड्रॉ से बराबरी पर रहा। इस मैच के बाद चेन्नइयन की टीम 28 अंकों के साथ तालिका में तीसरे पायदान पर है। वहीं जमशेदपुर की टीम 26 अंकों के साथ चेन्नई से एक पायदान नीचे चौथे स्थान पर है। फिलहाल प्लेऑफ से पहले दोनों टीमों के दो-दो मैच बचे हैं।