फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण का उद्घाटन मुकाबला मेजबान रूस और सऊदी अरब के बीच खेला जा रहा है। 14 जून से 15 जुलाई तक चलने वाले फुटबॉल के इस महाकुंभ में 32 टीमें 64 मैच खेलेंगे। फाइनल मुकाबला 15 जुलाई को खेला जाएगा। मगर इस सब से पहले उद्घाटन मैच की भविष्यवाणी हो चुकी है कि पहला मैच कौन सी टीम जीतेगी।
दरअसल, रूस के हेरिटेज म्यूजिम में मौजूद एचिलेस नामक बिल्ली ने गुरुवार से शुरू हो रहे फीफा विश्व कप के पहले मैच के विजेता की घोषणा कर दी है। ओल्ड इम्पेरियल सारिस्ट कैपिटल के प्रेस सेंटर में रखी दो कटोरियों में से इस बिल्ली ने एक कटोरी को चुना जिसमें रूस की पर्ची थी। इसके बाद इस बिल्ली को रूस की टीम का लाल स्वेटर सौंपा गया और फिर इसे इसके मालिक एना कासाटकिना के सुपुर्द कर दिया गया।
विश्व कप इतिहास में यह शायद पहला मौका है जब दुनिया की दो कमजोर टीमों के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जा रहा है। रूस जहां विश्व रैंकिग में 70वें स्थान पर है वहीं सऊदी अरब 67वें नंबर पर है। दोनों टीमों के अगले चरण में पहुंचने की संभावनाएं कम ही हैं।
गौरतलब है कि पिछले दो वर्षो में रूस का प्रदर्शन काफी खराब रहा है। 2016 यूरोपीय चैम्पियनशिप के बाद से मेजबान टीम ने कुल 19 मैच खेले हैं और केवल 6 में जीत दर्ज की है। रूसी टीम अक्टूबर 2017 के बाद से एक भी मैच जीतने में कामयाब नहीं हो पाई है जो टीम की मौजूदा स्थिति को दर्शाती है। वहीं, सऊदी अरब में अनुभव की भी कमी है जो मेजबान टीम के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी कमजोरी साबित हो सकती है जिसने निपटना कोच जुआन एंटोनी पिज्जी के लिए भी बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी जानवर ने फीफा विश्व कप में जीत की भविष्यवाणी की है। इससे पहले ऑक्टोपस पॉल ने फीफा विश्व कप को लेकर भविष्यवाणियां की थीं जो काफी हद तक सही साबित हुई थीं। देखना होगा कि एचिलेस नामक इस बिल्ली की भविष्यवाणियां कितनी सही साबित होती हैं।