ब्रिटेन के एक समाचार पत्र ने दावा किया है कि कतर के एक पूर्व शीर्ष फुटबॉल अधिकारी ने फीफा 2022 विश्व कप की मेजबानी हासिल करने में संयुक्त अरब अमीरात की दावेदारी के लिए समर्थन जुटाने में 50 लाख डॉलर (लगभग 29.59 करोड़ रुपए) की रिश्वत दी थी।
‘संडे टाइम्स’ ने आरोप लगाया है कि उसके पास एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद बिन हम्माम द्वारा दी गई कथित रकम से संबंधित दस्तावेज और लाखों ई-मेल मौजूद हैं। समाचार पत्र का आरोप है कि कतर के दावे का समर्थन करने के लिए हम्माम ने 30 अफ्रीकी फुटबाल संघों के अध्यक्षों के बैंक खातों में दो लाख डॉलर जमा कराए थे।
हम्माम ने अफ्रीका में एक कार्यक्रम कर और भी धन दिया था ताकि वह कतर की दावेदारी को मजबूत कर सकें। अखबार का यह भी आरोप है कि हम्माम ने फीफा के पूर्व उपाध्यक्ष जैक वार्नर द्वारा नियंत्रित खातों में भी लगभग 16 लाख डॉलर जमा कराए थे जिसमें से साढे़ 4 लाख डॉलर विश्व कप के लिए वोट देने से पहले दिए गए थे।
बिन हम्माम पर लगा हुआ है आजीवन प्रतिबंध
मोहम्मद बिन हम्माम को जुलाई 2011 में रिश्वत देने की कोशिश करने का दोषी पाए जाने के बाद उन पर फ़ुटबॉल की किसी संस्था से जुड़ने पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया गया था।
उन पर लगे आरोपों के केंद्र में फीफा अध्यक्ष के लिए होने वाले चुनावों में वोट खरीदने से जुड़ा विवाद था। हालांकि उन पर लगे प्रतिबंधों को एक साल बाद कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स ने यह कहते हुए रद कर दिया था कि इस सजा का समर्थन करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं। हम्माम ने उस समय यह कहते हुए फुटबॉल के क्षेत्र को छोड़ दिया था कि उन्होंने फुटबॉल का बेहद घिनौना चेहरा देख लिया है।
फीफा ने उनके ऊपर दिसंबर 2012 मेंहितों के टकराव के मद्देनजर दूसरी बार आजीवन प्रतिबंध लगाया, उस समय वह एशियाई फुटबॉल संघ (एएफसी) के अध्यक्ष थे, मार्च 2014 में डेली टेलीग्राफ ने एक रिपोर्ट में लिखा कि हम्माम के स्वामित्व वाली एक कंपनी ने फीफा के उपाध्यक्ष जैक वार्नर और उनके परिवार को 10 लाख यूरो से ज्यादा का भुगतान किया है।
इटली को झटका, मोंटोलिवो बाहर
फुटबॉल वर्ल्ड के अभियान में इटली को उस समय गहरा झटका लगा जब उसका मिडफिल्डर रिकार्डो मोंटोलिवो को पैर में फ्रैक्चर के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
आयरलैंड के खिलाफ शनिवार को खेले गए अभ्यास मैच के दौरान एसी मिलान के कप्तान मोंटालिवो विपक्षी टीम के डिफेंडर एलेक्स पीयर्स से टकरा गए जिसके बाद उनके पैर में गंभीर चोट आ गई।
दिन के अन्य अभ्यास मैचों में नीदरलैंड ने घाना को हराया जबकि ग्रीस ने पुर्तगाल को बराबरी पर रोका।
महान फुटबॉलर पेले के बेटे को 33 साल की सजा
ब्राजील की एक अदालत ने महान फुटबॉलर पेले के बेटे एडिन्हो को मनी लांड्रिंग के आरोप में 33 साल की सजा सुनाई है।
एडसन चोल्बी नास्किमेंटो उर्फ एडिन्हो पर आरोप है कि वह नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए मनी लांड्रिंग करते थे। सीबीएन रेडियो और न्यूज साइट जी1 के मुताबिक 2005 से चल रहे इन आरोपों से एडिन्हो ने इंकार किया है।
मामले में अपील दायर करने तक हालांकि एडिन्हो को जेल नहीं जाना होगा। यहां स्थित प्राइया ग्रांडे क्रिमिनल कोर्ट ने एडिन्हो के साथ ही तीन अन्य को भी 33 साल साल की सजा सुनाई है और पुलिस कार्रवाई में जो भी संपत्ति मिली है उसे जब्त करने के आदेश दिए हैं। पुलिस द्वारा जब्त संपत्तियों में 100 कारें भी शामिल हैं।