ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार ने अपने क्लब के साथियों को बताया है कि वह इस क्लब को छोड़ रहे हैं। क्लब के एक प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि भी की है। माना जा रहा है कि नेमार पेरिस सेंट जर्मन (पीएसजी) के साथ करार करने जा रहे हैं और इस करार की राशि एक विश्व रिकॉर्ड हो सकती है।
क्लब से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि नेमार तय समय पर बार्सिलोना में ट्रेनिंग के लिए पहुंच गए थे। सूत्र ने कहा, ‘वह अभ्यास के लिए तय समय पर आ गए थे और उन्होंने टीम साथियों से कहा कि वह इस क्लब को छोड़ देंगे।
कोच ने भी उन्हें अभ्यास छोड़ने की अनुमति दे दी और कहा कि अपने भविष्य से जुड़े मामले को सुलझाएं।’ 25 वर्षीय नेमार 222 मिलियन यूरो की भारी-भरकम राशि में पीएसजी के साथ करार कर सकते हैं।
यदि यह संभव होता है वह 105.2 मिलियन यूरो के मौजूदा रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं जो मैनचेस्टर यूनाइटेड ने पिछले साल पॉल पोग्बा को क्लब में शामिल करने के लिए दिए थे। नेमार चीन में एक प्रमोशनल कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद मंगलवार को ही बार्सिलोना पहुंचे थे।
वह स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजे ट्रेनिंग करने के लिए तो उतरे लेकिन आधे घंटे बाद ही वह मैदान से बाहर आ गए। नेमार और पांच बार के वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए लियोनल मेसी बार्सिलोना से खेलते हैं और दोनों ने अपनी टीम को कई जीत दिलाई हैं।