ब्राजील फुटबॉल कन्फेडरेशन (सीबीएफ) ने स्पेनिश क्लब बार्सिलोना को बता दिया है कि उसे जून में कोपा अमेरिका कप और अगस्त में अपनी मेजबानी में होने वाले रियो ओलंपिक के लिए अपने स्टार खिलाड़ी नेमार की जरूरत पड़ेगी।
इससे पहले बार्सिलोना क्लब के चेयरमैन जोसेप मारिया बार्तोलोमियू ने ब्राजील फेडरेशन को पत्र लिखकर कहा था कि वह नेमार को इन दो में से किसी एक टूर्नामेंट के लिए ही रिलीज कर सकते हैं।
सीबीएफ ने अपने वक्तव्य में कहा कि वह अपनी तौर पर पूरी कोशिश करेगी कि नेमार जूनियर कोपा अमेरिका और रियो ओलंपिक दोनों में ब्राजील की नुमाइंदगी करें।
ब्राजील ने कभी ओलंपिक फुटबॉल में स्वर्ण पदक नहीं जीता है। कोपा अमेरिका कप में भी ब्राजील के प्रदर्शन पर कोच डूंगा का भविष्य निर्भर करेगा। खुद नेमार पहले ही कह चुके हैं कि वह दोनों टूर्नामेंटों में ब्राजील के लिए खेलना पसंद करेंगे।
ओलंपिक के नियमों के अनुसार टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली प्रत्येक टीमों में 23 वर्ष के आयुवर्ग वाले केवल तीन खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकते हैं। नेमार की उम्र में 23 साल है और इस स्टार स्ट्राइकर के खेलने से ब्राजील की संभावनाएं मजबूत होती हैं।