स्टार फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी के दो गोलों की बदौलत बार्सिलोना ने ला लीगा के तहत रविवार को खेले गए एक मुकाबले में एबार को 4-0 से पराजित कर दिया।
इसके साथ ही बार्सिलोना ने खिताब की ओर मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं। बार्सिलोना की ओर से पहला गोल अल हदादी मुनीर ने मैच के आठवें मिनट में किया। इसके बाद मेसी ने 41वें मिनट में गोल कर बार्सिलोना की बढ़त को दोगुना कर दिया।
मेसी ने 76वें मिनट में पेनल्टी के सहारे एक और गोल कर स्कोर को 3-0 कर दिया। मैच का अंतिम गोल लुइस सुआरेज ने किया। सुआरेज ने 84वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 4-0 की जीत दिला दी।
बार्सिलोना के 28 मैचों में 72 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष पर है जबकि एटलेटिको के 28 मैचों से 64 अंक है और वह तालिका में दूसरे स्थान पर है। इस सूची में रियल मैड्रिड (60 अंक) तीसरे और विलारियल (53) अंक के साथ चौथे स्थान पर है।
बार्सिलोना के कोच लुइस एनरिक ने कहा, "इस जीत से स्पष्ट हो जाता है कि लीग में हम बेहतर स्थिति में हैं। मैं टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। अल हदादी ने शानदार प्रदर्शन किया"।