कप्तान लियोनल मेसी की गैरमौजूदगी में लुईस सुआरेज और जूनियर फिर्पो के आठ मिनट के भीतर दागे गए एक-एक गोल से बार्सिलोना ने ला लीगा में गेटाफे को 2-0 से मात देकर फिर से शीर्ष पांच में जगह बना ली है। बार्सिलोना के सात मैचों में चार जीत से 13 अंक हो गए हैं और वह चौथे स्थान पर पहुंच गया है। बार्सिलोना की यह इस सत्र में घर के बाहर पहली जीत है। साथ ही यह पहला मौका है जब गत चैंपियन टीम ने इस सत्र में मैच में कोई गोल नहीं खाया। सुआरेज ने 41वें मिनट ओर फिर्पो ने 49वें मिनट में गोल किए। मेसी के अलावा युवा आंसू फाती और ओस्माने डेंबले भी मैच में नहीं खेले। मेसी मंगलवार को विलारियल के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोटिल होकर बाहर हो गए थे। यह उनका सत्र का पहला ही मुकाबला था।