स्पेनिश क्लब एटलेटिको मैड्रिड के लिए यह सत्र बेहद शानदार रहा है। फुटबॉल में इस सत्र में उसके पास दो बड़े खिताब जीतने का मौका मिला।
पहले मौके में उसने सफलता हासिल कर ली और अब दूसरे मौके में भी उसे सफलता का इंतजार होगा जो 24 मई को खेला जाएगा। इस दिन उसे चैंपियंस लीग के फाइनल में रियल मैड्रिड का सामना करना होगा।
डिएगो गाडिन के गोल से एटलेटिको मैड्रिड ने दिग्गज क्लब बार्सिलोना को 1-1 से ड्रॉ पर रोककर 18 साल बाद प्रतिष्ठित ला लीगा फुटबॉल खिताब जीत लिया। एटलेटिको ने क्लब के 111 साल के इतिहास में सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10वीं बार खिताब पर कब्जा जमाया।
मेस्सी की मौजूदगी भी नहीं रोक सकी जीत
करिश्माई स्ट्राइकर लियोनल मेस्सी सहित कई दिग्गजों से सजी बार्सिलोना की टीम को 6 साल में पांचवीं बार इस खिताब को जीतने के लिए सत्र के आखिरी दिन अपने ही मैदान पर एटलेटिको मैड्रिड को हराना जरूरी था और एलेक्सिस सांचेज ने 33वें मिनट में गोल करके मेजबान टीम की उम्मीदें भी बढ़ा दी थी।
लेकिन हाफ टाइम के 4 मिनट बाद गाडिन ने बराबरी का गोल दागकर एटलेटिको को 1995-96 के बाद पहली बार ला लीगा का खिताब दिला दिया।
टीम के कुल 90 अंक रहे जबकि बार्सिलोना की टीम 87 अंकों के साथ दूसरे और रियल मैड्रिड की टीम इतने ही अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
मौका गंवाने के बाद बार्सिलोना के कोच ने दिया इस्तीफा
इस मुकाबले के बाद बार्सिलोना के अर्जेंटीनी कोच गेरार्डो मार्टिनो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
अब एटलेटिको मैड्रिड को आने वाले शनिवार को लिस्बन में अपने ही शहर की टीम रियल मैड्रिड के खिलाफ चैंपियंस लीग का फाइनल खेलना है।
पिछले 10 साल में यह पहला मौका है जब रियल मैड्रिड और बार्सिलोना ने ला लीगा खिताब नहीं जीता है और बार्सिलोना की टीम 6 साल में पहली बार इस खिताब से वंचित रह गई है।
ब्राजील वर्ल्ड कप जीतने का प्रबल दावेदार
दूसरी ओर, फुटबॉल के शौकीन 120 बाजार विश्लेषकों को लेकर किए गए वैश्विक सर्वेक्षण के अनुसार मेजबान ब्राजील को वर्ल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है और उसका फाइनल में अर्जेंटीना, जर्मनी या स्पेन के साथ मुकाबला हो सकता है।
जबकि इंग्लैंड ग्रुप चरण में ही बाहर हो सकता है। फीफा वर्ल्ड कप अगले महीने की 12 तारीख से ब्राजील में होना है।
दुनिया भर के मार्केट प्रोफेशनल्स ने माना कि ब्राजील खिताब का दावेदार है। टोरंटो में सीआईबीसी के साथ जुडे़ रणनीतिकार जान वेल्च ने कहा, "ब्राजील इस बार खिताब जीतेगा। उसके लिए अपनी जमीन पर हारना मुश्किल होगा। हां यह जरूर है कि ब्राजील हर बार तीन या चार गोलों से नहीं जीतेगा, जैसा कि उसने 1950 में फाइनल तक किया था।" विश्लेषकों ने 2010 में दक्षिण अफ्रीका में हुए वर्ल्ड कप में स्पेन के जीतने की सही भविष्यवाणी की थी लेकिन 2006 में वे इटली की चौथी खिताबी जीत के बारे में सही भविष्यवाणी करने से चूक गए थे।