पुरुषों के एएफसी कप में पहली बार सभी रेफरी महिलाएं होंगी।
एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) ने मंगलवार को यह घोषणा की। जापान की रेफरी योशिमी यामाशिता और सहायक माकोतो बोजोनो और नाओमी तेशिरोगी म्यांमार के यांगून यूनाईटेड और कंबोडिया के नगा वर्ल्ड के बीच बुधवार को थुवुना स्टेडियम में होने वाले एएफसी कप मैच में अपनी सेवाएं देंगी।
एएफसी ने कहा कि यह पहला मौका होगा जब तीन महिला रेफरी एशियाई फुटबॉल परिसंघ के क्लब मैच में अपनी सेवाएं देंगी।
एशियाई रेफरिंग के लिए यह नई उपलब्धि होगी। इससे पहले 2014 में एएफसी कप में महिलाओं ने सिर्फ सहायक रेफरी के रूप में सेवाएं दी हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया की सारा हो और एलिसन फ्लिन शामिल थीं।