अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के महासचिव कुशल दास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अपना 12 साल के कार्यकाल समाप्त किया। इस दौरान वो कई बार विवादों में आए और उन पर अक्सर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे। 2010 में फुटबॉल महासंघ के महासचिव बनने वाले कुशल दास खराब स्वास्थ्य के कारण 20 जून से छुट्टी पर थे। हालांकि, कई लोगों ने यह भी कहा था कि सीओए ने उन्हें बाहर कर दिया था। ऑडिट में कई वित्तीय विसंगतियां पाई गई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
फुटबॉल महासंघ ने बताया "अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के महासचिव कुशल दास ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ उनके फैसले का सम्मान करता है। कार्यकाल के दौरान उनके योगदान और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद। हम उनके अच्छे स्वास्थ्य और भाग्य की कामना करते हैं।" इसके साथ सुनंदो धर को कार्यवाहक महासचिव बनाया गया है, जो फेडेरेशन के सभी काम-काज देखेंगे।