पेरिस ओलंपिक की शुरुआत हो चुकी है और शुक्रवार को सीन नदी किनारे इसका रंगारंग कार्यक्रम भी किया गया था। खेल के इस महाकुंभ में कुछ चीजें ऐसी हुई जो पहले कभी नहीं हुई थी। इसका सबसे बड़ा उदाहरण उद्घाटन समारोह है जो किसी स्टेडियम के बजाए नदी के किनारे किया गया। वहीं, 68 वर्ष में पहली बार एक स्पर्धा का आयोजन मेजबान शहर से करीब 16000 किमी की दूरी पर आयोजित होगा।
पेरिस ओलंपिक में सर्फिंग का आयोजन तहिती द्वीप पर होगा जो पेरिस से 15715 किमी की दूरी पर है। इस स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले 48 खिलाड़ी मेजबान शहर से दूर चुनौती पेश करेंगे। सर्फिंग के अलावा सेलिंग और फुटबॉल के मुकाबले क्रमशः मार्सिले और बोर्डिओक्स में आयोजित होंगे जो पेरिस से दूर हैं। सेलिंग और फुटबॉल के इवेंट्स जहां होंगे वो पेरिस से सैकड़ों किमी की दूरी पर हैं, लेकिन सर्फिंग का आयोजन मेजबान शहर से काफी दूर आयोजित हो रहा है। पेरिस ओलंपिक के अधिकारियों ने कथित तौर पर बताया कि सर्फिंग का आयोजन तहिती द्वीप पर कराने का मकसद इन खेलों को पूरे फ्रांस में लोकप्रिय बनाना था।
मेलबर्न ओलंपिक में भी हुआ था ऐसा
इससे पहले, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने 1956 मेलबर्न ओलंपिक के दौरान भी एक स्पर्धा का आयोजन मेजबान शहर से दूर कराया था। उस वक्त घुड़सवारी का आयोजन स्वीडन के स्टॉकहोम में हुआ था जो मेलबर्न से काफी दूर था। यह ऑस्ट्रेलिया की अश्व संगरोध नीतियों के कारण हुआ था, जिसने आईओसी को इस स्पर्धा को मेजबान शहर से दूर कराने के लिए मजबूर किया था।