भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी और मंगल सिंह चंपिया की जोड़ी को रविवार को तीरंदाजी वर्ल्ड कप के तीसरे चरण के रिकर्व मिश्रित युगल के फाइनल में मैक्सिको की जोड़ी से हार के बाद रजत पदक ही हासिल हो सका।
मैक्सिको की ऐदा रोमन और जुआन रेने सेरोनो ने एकतरफा मुकाबले में 5-1 से जीत हासिल की। मैक्सिको की यह जोड़ी लंदन ओलंपिक में रजत पदक हासिल कर चुकी है।
भारतीय टीम को तीसरे चरण में एक स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल हुआ। एक दिन पहले भारत के अभिषेक वर्मा ने कपांउड के व्यक्तिगत वर्ग में ईरान के इस्माइल एबादी को 148-145 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था।
जबकि भारतीय पुरुष टीम कंपाउंड की टीम स्पर्धा के कांस्य पदक मुकाबले में पराजित हो गई थी।
मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में मैक्सिको की जोड़ी ने चार नौ अंक बटोरकर 36 का स्कोर किया जिसकी दीपिका और मंगल ने बराबरी कर ली। 1-1 से बराबरी के बाद मैक्सिको की जोड़ी ने दो परफेक्ट टेन का स्कोर किया।
दूसरे दौर के बाद वह 37-35 से बढ़त पर थे। अंतिम दौर में भारतीय टीम को अपनी उम्मीदें कायम रखने के लिए जीतना जरूरी था लेकिन उसके एक अंक से पिछड़ने के कारण मैक्सिको ने बाजी मार ली।
इस तरह विश्व कप के स्टेज-3 में भारतीय टीम दूसरा स्वर्ण पदक जीतने से वंचित रह गई।