पाकिस्तान ने 44वें शतरंज ओलंपियाड में हिस्सा लेने से मना कर दिया है। भारत ने इसे बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। ओलंपियाड की मशाल रिले जम्मू-कश्मीर में घुमाए जाने पर पाकिस्तान को आपत्ति है। अंतरराष्ट्रीय शतरंज संघ (फिडे) ने पाकिस्तान को शतरंज ओलंपियाड में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया था। चेन्नई में यह टूर्नामेंट 28 जुलाई से 10 अगस्त तक होगा।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा, ओलंपियाड की मशाल रिले जम्मू-कश्मीर में निकालकर भारत ने इसका राजनीतिकरण किया है। इसलिए हम इसमें हिस्सा नहीं लेंगे। इसके साथ ही पाकिस्तान इसको शतरंज संघ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाएगा।
वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, स्पर्धा में अचानक से हिस्सा नहीं लेने का पाकिस्तान का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने नई दिल्ली में कहा, टीम के भारत में पहुंचने के बाद पाकिस्तान के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा से हटने का निर्णय बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। बागची ने जोर देकर कहा, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा हैं।