भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी एच एस प्रणय अपने शानदार प्रदर्शन के बूते मंगलवार को जारी ताजा बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में दो पायदान आगे 16वें स्थान पर पहुंच गए। प्रणय ने विश्व चैंपियनशिप और जापान ओपन सुपर 750 क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई और 33 टूर्नामेंट खेलने के बाद उनके 64,330 अंक हो गए हैं।
साथी भारतीय किदांबी श्रीकांत भी दो पायदान के फायदे से 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि लक्ष्य सेन दुनिया के नौवें नंबर से भारतीय पुरुष खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ स्थान पर बरकरार हैं। चोट के कारण विश्व चैंपियनशिप और जापान ओपन में नहीं खेलने वालीं पीवी सिंधू को भी एक पायदान का लाभ मिला है जिससे वह सातवें स्थान पर पहुंच गईं।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने तीन पायदान के फायदे से शीर्ष 30 में अपना स्थान हासिल कर लिया है। पुरुष युगल में चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर कायम हैं जिन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप में पहला कांस्य पदक जीता था।