कोच विमल कुमार के साथ साइना नेहवाल
- फोटो : saina's twitter
खेल जगत की सभी हस्तियों ने शिक्षक दिवस पर अपने-अपने कोच को बधाइयां दीं। इसमें बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल की उनके कोच विमल कुमार को शुभकामनाएं सोशल मीडिया के सुर्खियों में रही। कुछ प्रशंसकों ने इस पर उन्हें बधाई दी तो कुछ ने आड़े हाथों लिया।
दरअसल, साइना ने सोमवार को अपने मौजूदा कोच विमल कुमार की एक तस्वीर ट्विटर पेज पर पोस्ट करके उन्हें शिक्षक दिवस की बधाई दी। लेकिन वह एक भूल कर बैठीं। साइना अपने पूर्व कोच गोपीचंद को बधाई देना भूल गईं, वह भी ऐसे समय में जब उनके नाम का बिगुल समूचे देश में बज रहा हो। जिसकी वजह से उन्हें प्रशंसकों की आलोचनाएं का सामना करना पड़ा।
प्रशंसकों ने एक के बाद एक करके साइना पर ट्विटर वार किया। उन्हें शिकायत है कि साइना इस मौके पर अपने पूर्व कोच गोपीचंद को कैसे भूल गईं? एक यूजर ने सीख देते हुए लिखा, ‘शिक्षक दिवस का मतलब सिर्फ मौजूदा शिक्षक ही नहीं होता।’ वहीं दूसरे यूजर ने ट्विट किया, ‘अच्छा होता अगर आप गोपीचंद को भी याद कर लेतीं।’ जबकि एक अन्य यूजर ने आलोचनात्मक ढंग से कहा, ‘गोपीचंद के प्रशिक्षण का ही कमाल है कि आपको यह ख्याति मिली है और अब आप उन्हें ही भूल गईं।’
गोपीचंद ने साइना को काफी समय तक कोचिंग दी है। जब साइना ने लंदन ओलंपिक 2012 में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था तब उनके कोच गोपीचंद ही थे। लेकिन साल 2014 में साइना ने गोपीचंद की जगह विमल कुमार को अपना कोच चुनने का फैसला लिया था। पिछले साल एक बातचीत में साइना ने कहा था कि लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने बैडमिंटन से संन्यास लेने का फैसला कर लिया था, लेकिन विमल ने उनके आत्मविश्वास को बल दिया और खुद पर यकीन करने के लिए उत्साहित किया।