युवा बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शुक्रवार को विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पहला पदक पक्का कर दिया है। चौथी वरीय सेन ने गैर वरीय मलयेशिया के आदिल शोलेह अली सादिकिन को सीधे सेटों में 21-8, 21-18 से मात देकर अंतिम-4 में प्रवेश किया।
17 वर्षीय भारतीय शटलर को टूर्नामेंट में अब तक संघर्ष नहीं करना पड़ा है। उन्होंने अब तक चार मैच खेले और सिर्फ एक में उन्हें शिकस्त झेलनी पड़ी। चौथे राउंड में सेन को 9वीं वरीय चेन शियाउ चेंग से शिकस्त सहनी पड़ी थी।
सेन का सेमीफाइनल में मुकाबला शीर्ष वरीय और गत चैंपियन कुनलावुत वितिदसार्ण से होगा। बता दें कि सेन ने इस साल की शुरुआत में एशियाई जूनियर चैंपियनशिप के फाइनल में थाई शटलर को मात दी थी। दोनों शटलर्स के बीच अब तक केवल एक ही मुकाबला हुआ, जिसमें सेन ने जीत दर्ज की।
भारत की तरफ से सेन एकमात्र शटलर हैं, जिन्होंने सेमीफाइनल में कदम रखा है। विष्णु वर्धन गौड़ और श्रीकृष्ण साई कुमार पोडिल की जोड़ी को पुरुष युगल में 10वीं वरीय कोरिया के ताए यांग शिन व चान वांग से 11-21, 8-21 से शिकस्त मिली।