एशियाई जूनियर चैंपियन लक्ष्य सेन ने जूनियर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना वियजी अभियान जारी रखते हुए अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया। अलमोड़ा के 17 वर्षीय सेन ने चीनी ताइपे के चेन शियाउ चेंग को 15-21, 21-17, 21-14 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया।
चौथी वरीय लक्ष्य का सामना अगले दौर में मलयेशिया के आदिल शोलेह अली से होगा। लक्ष्य को पहले दौर में बाई मिली थी। उन्होंने इसके बाद मेक्सिको के अर्मांडो गेटान और इटली के जियोवान्नी टोटी को सीधे गेमों में हराया। पुरुष युगल में विष्णु वर्धन गौड़ और श्रीकृष्ण साई कुमार पोडिले ने इंडोनेशिया के डी रफियन रेस्तू और बर्नादुस बागास के वर्दाना को 21-11, 21-17 से हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई। अब उनका सामना कोरिया के ताए यांग शिन और चान वांग से होगा।
गायत्री व मालविका हुईं बाहर
प्रियांशु राजावत, अलाप मिश्रा और किरण जॉर्ज पुरुष एकल के तीसरे दौर में हारकर बाहर हो गए, जबकि मालविका बंसोड़ और गायत्री गोपीचंद महिला एकल में क्रमश: पहले और दूसरे दौर में हार गईं। पूर्वा बर्वे को पहले दौर में बाई मिली थी। वह तीसरे दौर में हार गई। भारत की ओर से अभी तक जूनियर विश्व चैंपियनशिप में एकमात्र स्वर्ण पदक 2008 में साइना नेहवाल ने जीता था।