भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने डॉ. हेमंत बिस्वा सरमा को बीएआई का नया अध्यक्ष चुना है। मंगलवार को गोवा में हुई एक बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। कैबिनेट मंत्री हेमंत बिस्वा उत्तर पूर्वी डेमोक्रेटिक एलायंस (एनईडीए) के संयोजक हैं। पूर्व अध्यक्ष डॉ. अखिलेश दास गुप्ता के निधन के बाद पिछले साल उन्हें बीएआई का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था। हेमंत बिस्वा अब अगले चार साल तक इस पद को संभालेंगे।
इस बैठक में तमिलनाडु बैडमिंटन संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अबुमानी रामदास को बीएआई का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रामदास वर्तमान में धर्मपुरी निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद हैं। वहीं हरियाणा बैडमिंटन संघ के अजय सिंघानिया ने राजस्थान बैडमिंटन संघ व राजस्थान क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव के.के. शर्मा को हराकर महासचिव बने।
इस बैठक के बाद हेमंत बिस्वा ने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए भारतीय बैडमिंटन को नई ऊचाइयों तक ले जाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा, 'बीएआई में नियुक्त हुए सभी लोगों को मैं बधाई देते हूं और आश्वासन देता हूं कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियां पूरी तरह से निभाएगा।
भारतीय बैडमिंटन संघ ने अब तक बेहतरीन काम किया है। इसकी गरिमा और प्रतिष्ठा को आगे बरकरार रखने की जिम्मेदारी अब हम सबकी है।'