लंदन ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु और राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन साइना नेहवाल 26 मार्च से इंदिरा गांधी स्टेडियम में शुरू होने वाले इंडिया ओपन बैडमिंटन में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी। 2017 की चैंपियन सिंधु को दूसरी वरीयता, जबकि साइना को पांचवीं वरीयता दी गई है।
दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ताई जू यिंग को हराकर पहली बार ऑल इंग्लैंड ओपन चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाली चेन युफेई को शीर्ष वरीयता दी गई है। सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर रहेंगी। सबसे बड़ा दल चीन का होगा। महिला एकल में चीन की छह खिलाड़ी भाग ले रही हैं। दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी हि बिंगजियाओ और 14वीं रैंकिंग वाली हान युए को क्रमश: तीसरी और सातवीं वरीयता मिली है । ली जुरेई वापसी करेगी, जबकि चेन शियाओशिन और केई यानयान भी ड्रॉ में हैं।
युकी को शीर्ष और श्रीकांत को तीसरी वरीयता
ऑल इंग्लैंड सेमीफाइनल में विक्टर एक्सेलसेन से हारे गत चैंपियन शी युकी इंडिया ओपन में वापसी की कोशिश करेंगे। युकी को शीर्ष वरीयता दी गई है। दुनिया के दूसरे नंबर के चीनी खिलाड़ी का सामना हमवतन हुआंग युशियांग से होगा। भारत के छह पुरुष खिलाड़ी खिताब की दौड़ में होंगे। इनमें 2015 के चैंपियन किदांबी श्रीकांत को तीसरी और समीर वर्मा को पांचवीं वरीयता मिली है।
साई प्रणीत, एसएस प्रणय, पारूपल्ली कश्यप और शुभांकर डे से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। पुरुष युगल में तीसरी वरीयता प्राप्त सात्विक साईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी से अच्छे प्रदर्शन की अपेक्षा होगी। पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन मनु अत्री और सुमित को छठी वरीयता दी गई है। मिश्रित युगल में सात्विक, अश्विनी पोनप्पा के साथ, जबकि सिक्की, प्रणाव जेरी चोपड़ा के साथ उतरेगी।