भारतीय शटलरों का कनाडा के मरखम में चल रही बैडमिंटन विश्व जूनियर चैंपियनशिप्स में बुधवार का दिन अच्छा नहीं रहा। 12 मुकाबलों में देश के सात शटलरों को शिकस्त झेलनी पड़ी। वरीय खिलाड़ियों में बुधवार को तीसरे राउंड में महिला सिंगल्स में आठवीं वरीय पूर्वा बर्वे तथा पुरुष डबल्स में पांचवीं वरीय ध्रूव कपिल और कृष्ण प्रसाद गरागा को शिकस्त झेलनी पड़ी।
जूनियर विश्व नंबर-4 लक्ष्य सेन टूर्नामेंट में पुरुष सिंगल्स में भारत की एकमात्र उम्मीद बचे हैं। उन्हें पुरुष डबल्स में 12वीं वरीय विष्णु वर्धन गौड़/ श्रीकृष्ण साई कुमार पोडिल तथा महिला डबल्स में अदिति भट्ट व तनिशा क्रास्तो का साथ मिलेगा।
सेन ने प्री-क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने इटली के जियोवानी टोटी को 21-7, 21-13 से मात दी। 17 वर्षीय लक्ष्य से भारत को टूर्नामेंट में पदक की उम्मीद है। अब प्री क्वार्टरफाइनल में उनका मुकाबला चेन शियाऊ चेंग से होगा।
विष्णु वर्धन और श्रीकृष्ण ने इंडोनेशिया के जोएल हैंसन व स्वीडन के मेल्कर बेक्सेल को 21-18, 21-14 से मात दी। भट्ट और क्रास्तो ने श्रीलंका के डिल्मी डियाज व अनुरंगी मसाकोराका को 22-20, 21-10 से मात दी।
बर्वे को मलेशिया के इयून क्वी जुआन के हाथों सीधे सेटों में 15-21, 10-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। प्रियांशु राजावत को इंग्लैंड के हैरी हुआंग के हाथों 11-21, 16-21 से करारी मात मिली। किरण जॉर्ज ने हालांकि दूसरी वरीय इखसन लियोनार्डो इमानुएल रुम्बे को कड़ी टक्कर दी और पहला गेम जीता, लेकिन अगले दो मुकाबले नजदीकी अंतर से गंवा बैठीं। किरण 21-12, 19-21, 17-21 के अंतर से हारीं।