दो बार की ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन जापान की नाओमी ओसाका ने रविवार (आठ जनवरी) को साल के पहले ग्रैंड स्लैम से हटने का फैसला किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन के शुरू होने से एक सप्ताह पहले ही अपना नाम वापस ले लिया। इसकी जानकारी ऑस्ट्रेलियन ओपन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दी गई। जापानी स्टार के हटने का कोई कारण नहीं बताया गया है। अनुभवी अमेरिकी वीनस विलियम्स भी पिछले हफ्ते ऑकलैंड क्लासिक में चोटिल होने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
ओसाका से पहले पुरुष एकल के नंबर-1 खिलाड़ी स्पेन के कार्लोस अल्कारेज भी टूर्नामेंट से हट चुके हैं। उन्होंने चोट के कारण नहीं खेलने का फैसला किया। ओसाका 2019 और 2021 में चैंपियन बनी थीं। ओसाका ने पेट में दर्द के कारण सितंबर में टोक्यो में एक टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है और विश्व रैंकिंग में 42वें स्थान पर आ गई हैं।
फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन के पहले दौर में हारी थीं ओसाका
चार बार की ग्रैंड स्लैम विजेता ने पहले अपने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बात की थी। वह फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन के पहले ही दौर में बाहर हो गई थीं। उसके बाद से वह शीर्ष-10 से बाहर हैं। चोट के कारण पिछले साल ओसाका विंबलडन ओपनर में नहीं खेल पाई थीं।
अल्कारेज के साथ क्या हुआ?
दुनिया के नंबर एक पुरुष टेनिस खिलाड़ी अल्कारेज ने पिछले साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन में सफलता हासिल की थी। वह उनका पहला ग्रैंड स्लैम खिताब था। अल्कारेज अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी थी।
अल्कारेज ने लिखा था, "जब मैं प्री-सीजन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा था तभी अभ्यास के दौरान मुझे चोट लगी। इस बार यह मेरे दाहिने पैर में की मांसपेशियों में हुई है। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ स्तर हासिल करने के लिए बहुत मेहनत की थी, लेकिन दुर्भाग्य से मैं ऑस्ट्रेलियन ओपन नहीं खेल पाऊंगा। यह कठिन है, लेकिन मुझे आशावादी रहना होगा, उबरना होगा और आगे देखना होगा। ऑस्ट्रेलियन ओपन में 2024 में मिलते हैं।''