110 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा तो लगा कि भारत अब मैच खत्म कर लेगा। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं। गार्डनर ने अलना किंग के साथ 47 रन की साझेदारी कर 19 ओवर के अंदर ऑस्ट्रेलिया को मैच जिता दिया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने पहले मुकाबले में ही टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को तीन विकेट से हराया है। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 154 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट खोकर एक ओवर रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए गार्डनर ने नाबाद 52 रन बनाए। भारत ने इस मैच में 49 रन के अंदर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम को आउट कर दिया था, लेकिन गार्डनर ने अपने दम पर मैच पलट दिया।
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया को 155 रन का लक्ष्य देने के बाद टीम इंडिया ने शानदार शुरुआत की थी और रेणुका ने पहली ही गेंद पर विकेट लिया था। उन्होंने पावरप्ले में अपने तीन ओवर में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती चार बल्लेबाजों को आउट कर दिया था। दीप्ती ने रेचल हायेंस को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। 49 रन के अंदर आधी ऑस्ट्रेलियाई टीम आउट हो चुकी थी और भारत की जीत तय नजर आ रही थी। इसके बाद एश्ले गार्डनर और ग्रेस हैरिस ने 51 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापस ला दिया।
110 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा तो लगा कि भारत अब मैच खत्म कर लेगा। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं। गार्डनर ने अलना किंग के साथ 47 रन की साझेदारी कर 19 ओवर के अंदर ऑस्ट्रेलिया को मैच जिता दिया।
विज्ञापन
राजेश्वरी-राधा बनी हार की विलेन
इस मैच में भारतीय टीम दो तेज गेंदबाजों और तीन स्पिनर्स के साथ मैदान में उतरी थी और कप्तान हरमनप्रीत की यही गलती भारी पड़ गई। राजेश्वरी गायकवाड़ ने दो ओवर में 24 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। वहीं राधा यादव ने चार ओवर में 42 रन लुटा दिए और उन्हें भी कोई विकेट नहीं मिला। कप्तान हरमनप्रीत ने एक ओवर किया और 10 रन लुटा दिए। इसी वजह से तेज गेंदबाजों के ओवर खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने मैच में वापसी कर ली।
रेणुका की शानदार गेंदबाजी
रेणुका सिंह ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने अपने चार ओवर में 18 रन देकर चार विकेट लिए। रेणुका ने ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती चार बल्लेबाजों को पावरप्ले के अंदर आउट कर दिया था और भारत की जीत तय नजर आ रही थी, लेकिन एश्ले गार्डनर की शानदार पारी के चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम ने यह मैच जीत लिया।
कप्तान हरमनप्रीत ने भारत को 150 के पार पहुंचाया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। स्मृति मंधाना 17 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हो गईं। इस समय भारत का स्कोर सिर्फ 25 रन था। इसके बाद शेफाली वर्मा ने यास्तिका भाटिया के साथ मिलकर पारी को संभाला और भारत का स्कोर 68 रन तक ले गईं। शेफाली 33 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुईं और अपने अर्धशतक से चूक गईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 34 गेंद में 52 रन की पारी खेली और भारत का स्कोर 154 तक ले गईं। इसके अलावा कोई दूसरी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाईं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए जेस जॉनसन ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। मेगन स्कट को दो और डार्सी ब्राउन को एक विकेट मिला।
टी20 में 100 शिकार करने वाली पहली विकेटकीपर बनी हीली
मैच के चौथे ओवर में डार्सी ब्राउन गेंदबाजी कर रही थीं और भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना क्रीज पर थीं। मंधाना ने लगभग वाइड गेंद पर अपना बल्ला लगा दिया और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर एलीसा हीली के पास पहुंची। हीली ने कोई गलती नहीं की और मंधाना टी20 में उनकी 100वीं शिकार बनी। एलीसा दुनिया की पहली विकेटकीपर हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 100 शिकार किए हैं।
एलीसा की गलती से शेफाली को मिला जीवनदान
भारतीय पारी के नौवें ओवर में ताहिला मैकग्राथ गेंदबाजी कर रही थीं। ओवर की पांचवी गेंद पर शेफाली वर्मा क्रीज से बाहर निकलीं, लेकिन गेंद के साथ कोई संपर्क नहीं कर पाईं। एलीसा हीली ने आसानी गेंद पकड़ी और उनके पास आसान स्टंपिंग करने का मौका था, लेकिन उन्होंने दाएं हाथ से गिल्लियां बिखेर दी, जबकि गेंद उनके बाएं हाथ में थी। बाद में उन्होंने बाएं हाथ से भी स्टंपिंग की, लेकिन गिल्लियां पहली ही बिखर चुकी थीं। इस वजह से यह स्टंपिंग अमान्य रही।