विनेश फोगाट (बाएं) अंतिम पंघाल (दाएं)
- फोटो : सोशल मीडिया
बजरंग-विनेश को एशियाई खेलों की टीम में सीधे शामिल किए जाने के खिलाफ अदालत की शरण लेने वालीं हरियाणा की जूनियर विश्व चैंपियन पहलवान अंतिम पंघाल शनिवार को एशियाई खेलों के ट्रायल में जीत गईं। अंतिम पंघाल ट्रायल में जरूर जीत गईं, लेकिन उन्हें एशियाई खेलों की टीम में शामिल होने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली। अंतिम ने साफ कर दिया है कि उनकी लड़ाई जारी रहेगी। वह टीम में जगह बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएंगी साथ ही उनका धरना और प्रदर्शन भी जारी रहेगा।
अंतिम ने फाइनल में मंजू को हराया
आईजी स्टेडियम में अंतिम ने फाइनल बाउट में मंजू को चित कर दिया। अंतिम ने बाउट के बाद कहा कि विनेश दीदी यहां होतीं तो उन्हें सिर्फ वह ही नहीं कोई भी लड़की हरा सकता थी या वह भी किसी को भी हरा सकती थीं। उन्हें ट्रायल खेलना चाहिए था, सीधे एशियाड की टीम में प्रवेश लेना ठीक नहीं है।
मानसी 57 भारवर्ग में जीतीं
इससे पहले शनिवार को ग्रीको रोमन और महिला वर्ग के छह-छह भार वर्गों में ट्रायल हुए। एशियाई खेलों में पदक की दावेदार मानी जा रहीं 57 भारवर्ग में अंशु मलिक को सरिता मोर से 4-5 से हार मिली, लेकिन सरिता को अगली बाउट में फाइनल जीतने वालीं रोहतक की मानसी अहलावत ने हरा दिया। मानसी ने फाइनल में सीतो को 13-2 से पराजित कर एशियाड टीम में जगह बनाई। मानसी हाल ही में अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर आई हैं।
सोनम मलिक ट्रायल में जीतीं
जकार्ता एशियाई खेलों में पदक जीतने वालीं यूपी की दिव्या काकरान 68 की बजाय 76 भारवर्ग में खेलीं, लेकिन फाइनल में उन्हें किरन ने 7-1 से पराजित किया। 62 भारवर्ग में सोनम मलिक ने मनीषा को चित किया। 50 भारवर्ग में पूजा गहलोत ने निर्मला को चित किया। 68 भारवर्ग में राधिका ने प्रियंका को पराजित कर एशियाई खेलों की टीम में जगह बनाई।
ग्रीको रोमन ट्रायल में जीतने वाले पहलवान
ज्ञानेंद्र (60), नीरज (67), विकास (77), सुनील कुमार (87), नरिंदर चीमा (97), नवीन (130)।