राष्ट्रीय खेल महासंघों द्वारा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए भारतीय टीम के चयन में पारदर्शिता लाने की कवायद में सभी चयन ट्रायल अब कैमरे के सामने होंगे जिसमें खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद होंगे।
खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
चयन और पारदर्शिता लाने के लिए खेल मंत्रालय ने लिया बड़ा निर्णय
पिछले कुछ समय में चयन से जुड़े मसलों के अदालत तक जाने के मद्देनजर खेल मंत्रालय ने मेरिट के आधार पर चयन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया है। सूत्र ने कहा- अक्सर यह देखा जाता है कि चयन मामलों को लेकर विवाद होते हैं और वे अदालत तक जाते हैं जिससे खिलाड़ियों पर असर पड़ता है। इसलिये हमने अब से सारे चयन ट्रायल कैमरे के सामने पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में कराने का फैसला लिया है। चयन प्रक्रिया के दौरान मंत्रालय और साइ के अधिकारी मौजूद होंगे।