एशियाई यूथ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन का क्रम जारी रखते हुए दो और स्वर्ण पदक जीत लिए।
दोहा में खेली जा रही इस चैंपियनशिप में लड़कों के 62 किलो वर्ग में अक्षय गायकवाड़ ने कुल 244 किलो वजन उठाकर तीन स्वर्ण पदक जीते। वहीं वर्ल्ड यूथ वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतने वाली चंद्रिका तरफदार ने यहां 44 किलो में गोल्ड मेडल जीता।
आईडब्लूएलएफ के सेक्रेटरी जनरल सहदेव यादव ने दोहा से अमर उजाला को बताया कि गायकवाड़ के प्रदर्शन से सभी हैरान थे। उन्होंने स्नैच में 109 व क्लीन एंड जर्क में 135 किलो वजन उठाया। चंद्रिका ने स्नैच में 54 किलो के साथ रजत व क्लीन एंड जर्क में 77 किलो व कुल 131 किलो के साथ दो गोल्ड जीते।
इसी वर्ग में दीपाली गुरसाले ने 123 किलो वजन उठाकर रजत जीता। लड़कों के 69 किलो में लालू टाकू ने 242 किलो वजन के साथ कांस्य पदक जीता।