बंगलूरू में खेले जा रहे सीवेज आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप में 12 बार के वर्ल्ड चैंपियन पंकज आडवाणी को चौंकाते हुए चीन के 14 वर्षीय युवा यान बिंगताओ ने अगले राउंड में जगह बना ली।
यान बिंगताओ ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दिग्गज खिलाड़ी आडवाणी पर 6-4 से जीत दर्ज की। आडवाणी ने खेल की शुरुआत हार से की और पहला ही फ्रेम 38-63 से हार गए। दूसरे फ्रेम में भी उन्हें 47-75 से हार का सामना करना पड़ा।
2-0 से पिछड़ने के बाद आडवाणी ने जोरदार वापसी की और अगले 3 फ्रेम (107-0, 68-10 और 60-16) जीतकर बढ़त को 3-2 कर दिया। छठे फ्रेम में वह 4-83 से हार गए। मुकाबला 3-3 से बराबरी पर आ गया।
सातवीं बाजी में आडवाणी ने फिर से अपना अनुभव दिखाया और 79 ब्रेक प्वाइंट के साथ 89-24 के अंतर से यह फ्रेम जीतने के साथ ही बढ़त को 4-3 से कर दिया। लेकिन इसके बाद उनके साथ कुछ भी अच्छा नहीं हुआ और अगले तीन फ्रेम 40-67, 26-71 और 40-59 से हार के साथ ही मुकाबला भी गंवा बैठे।
हार के बाद आडवाणी ने कहा, "मैं कुछ मुश्किल में था और खेल पर अपना ध्यान केंद्रित नहीं रख पा रहा था। मैंने उम्दा खेल भी नहीं खेला। बिंगताओ ने भी उम्दा स्नूकर नहीं खेला लेकिन मैं उसे हल्के में नही ले रहा। उसने सिर्फ बड़े अंक अर्जित किए जबकि मैं नाकाम रहा और यही हम दोनों में अंतर रहा।"
दूसरी ओर, सेमीफाइनल में जगह बना चुके चीनी खिलाड़ी ने इस जीत पर मीडिया से बात करने से मना कर दिया। उन्होंने मीडिया से बात करने के बजाए अगले मुकाबले पर ध्यान देने को प्राथमिकता दी।