करवा चौथ पर चांद न दिखे तो करें ये उपाय
- फोटो : अमर उजाला AI
करवा चौथ का व्रत हिंदू धर्म में और खासतौर पर सुहागिन महिलाओं के लिए बहुत ही खास होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर वर्ष कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का त्योहार मनाया जाता है। इस वर्ष करवा चौथ 29 अक्तूबर, गुरुवार को है। करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रखती हैं, फिर शाम को करवा माता की पूजा-आराधना और कथा सुनने की परंपरा होती है। इसके बाद रात को चांद के निकलने पर दर्शन, पूजन और अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है। करवा चौथ पर रात को चांद के दर्शन को बहुत ही शुभ और महत्वपूर्ण माना जाता है। करवा चौथ का त्योहार बिना चांद के दर्शन और अर्घ्य दिए पूरा नहीं माना जाता है। लेकिन कई बार बारिश, आंधी और आसमान में बादलों का साया होने पर चांद दिखाई नहीं देता है। ऐसे में सुहागिन महिलाओं को चांद के निकलने और दर्शन करने के लिए लंबा इंतजार करना होता है। ऐसे में अगर आपके शहर में चांद खराब मौसम के चलते दिखाई न दे तो कुछ उपाय करके करवा चौथ का व्रत बिना चांद के दर्शन किए खोला जा सकता है।
बिना चांद देखें कैसे खोले करवा चौथ का व्रत ?
पहला उपाय: भगवान शिव के दर्शन करके व्रत खोलें
अगर खराब मौसम के कारण आपके शहर में करवा चौथ का चांद न दिखाई तो आप भगवान शिव की तस्वीर के दर्शन करके व्रत खोल सकती हैं। आपको बता दें कि भगवान शिव के मस्तक पर चंद्रमा विराजमान हैं ऐसे में करवा चौथ पर चांद का दर्शन माना जाएगा और सभी तरह का शुभ फल प्राप्त होगा। शिव मंदिर जाकर भी भगवान शिव के दर्शन करके व्रत खोल जा सकता है।
दूसरा उपाय: चावल से चांद की आकृति बनाकर व्रत खोलें
करवा चौथ के दिन खराब मौसम और बारिश के चलते अगर आपके शहर में चांद न दिखाई दे तो पूजा की थाली या फिर लाल कपड़े पर चावल के ढेर पर रोली-अक्षत से चांद की आकृति बनाएं और इसे असली चांद समझकर अर्घ्य देकर व्रत पूरा करें।
तीसरा उपाय: पंचांग से चंद्रोदय के समय पर अर्घ्य दें
जब आसमान में चांद न दिखाई दे तो आपके शहर के पंचांग के आधार पर चंद्रोदय का समय देखें और उसी समय चांद की दिशा की तरफ मुंह करके पूजा, प्रार्थना और अर्घ्य देकर व्रत का पारण करें।
चौथा उपाय: चांदी के सिक्के और दर्पण का प्रयोग
कुछ जगहों पर अगर चांद के दर्शन करवा चौथ के दिन न हो तो थाली में चांदी का सिक्का रखें और उसमें पानी भर दें और दर्पण से इसे चांद के प्रतीक के रूप में इसके दर्शन करके व्रत खोलें।
पांचवा उपाय: वीडियो कॉल पर चांद के दर्शन करके व्रत खोंले
अगर आप जिस शहर में रहते हैं और वहां पर चांद न दिखाई दे तो दूसरे शहर में रहने वाले अपने घर-परिवार के सदस्यों से वहां पर निकले चांद की विडियो कॉल से चांद के दर्शन करके व्रत खोला जा सकता है।
करवा चौथ पर चांद निकलने का समय ?
गुरुवार, 29 अक्तूबर को करवा चौथ का त्योहार है। द्रिक पंचांग के अनुसार करवा चौथ पर पूजा के लिए शुभ मुहूर्त का समय शाम 5 बजकर 38 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 56 मिनट तक रहेगा। वहीं करवा चौथ पर चंद्रोदय का समय रात 8 बजकर 17 मिनट पर रहेगा। अलग-अलग शहरों में चांद के निकलने में थोड़ा अंतर रहेगा।