अनाथ बच्चों पर आफत बनकर बरसी बारिश
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ग्राम भीमावाला में लगातार हो रही बारिश तीन अनाथ बच्चों पर आफत बनकर बरसी है। कच्चे मकान की दीवार और सीमेंटेड छत भरभराकर गिरने से तीनों भाई बाल-बाल बच गए, लेकिन घर में रखा सारा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है।
ग्राम पंचायत भीमावाला निवासी साहिल (17), इसराइल (10) और सलमान (7) के सिर से करीब तीन साल पहले माता निशा और पिता महफूज का साया उठ चुका है। माता-पिता के निधन के बाद से तीनों भाई इसी कच्चे मकान में रह रहे थे। परिवार का सबसे बड़ा सदस्य साहिल मेहनत-मजदूरी कर अपने दोनों छोटे भाइयों का भरण-पोषण करता है। बुधवार सुबह अचानक मकान की दीवार ढह गई और छत की शीटें जमीन पर आ गिरीं। गनीमत रही कि हादसे के वक्त तीनों बच्चों को कोई चोट नहीं आई।
ये भी पढे़ं...Haridwar: कांवड़ गिरने पर हंगामा, पुलिसकर्मी को दौड़ाया, चोरी की कार लेकर घुसे युवक को कांवड़ियों ने पीटा
हादसे के बाद ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। स्थानीय निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता गुलफाम अहमद ने बताया कि बच्चों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उन्होंने प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत शीघ्र मुआवजा देने के साथ ही सामाजिक संस्थाओं से भी परिवार की मदद करने की अपील की है। उप जिलााधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर मुआयना कराया गया है। बारिश से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट मिलने पर नियमानुसार आपदा राहत के तहत त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।