प्रदेश के क्रिकेट के इतिहास में एक और अध्याय जुड़ गया है। बिलासपुर स्थित क्रिकेट स्टेडियम में इंटरनेशनल क्रिकेटर युवराज सिंह (युवी) की अकादमी खुल गई है। एचपीसीए ने प्रदेश के विभिन्न मैदानों में से बिलासपुर के लुहणू क्रिकेट स्टेडियम को इसके लिए चुना है। मंगलवार को युवराज सिंह ने स्वयं बिलासपुर में अकादमी को ऐलान किया। वाईएससीए (युवराज सिंह एक्सीलेंस ऑफ क्रिकेट) के नाम से क्रिकेट अकादमी चलेगी।
अकादमी में सिर्फ हिमाचल ही नहीं बल्कि बाहरी राज्यों के खिलाड़ी एडमिशन ले सकेंगे। महज 300 रुपये मासिक शुल्क होगा। अकादमी में गरीब बच्चों को मुफ्त भी कोचिंग का प्रावधान है। हालांकि, कितनी सीटें इसके लिए रिजर्व रहेगी इसके बारे में खुलासा नहीं किया गया। युवराज ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि हिमाचल में उनकी अकादमी खुल रही है।
इस अकादमी के खुलने से देशभर के बच्चे यहां आएंगे। यहां के बच्चों को अन्य राज्यों में चल रही उनकी अकादमी में ले जाया जाएगा और वहां के बच्चे यहां आएंगे। बेस्ट टैलेंट को आगे निकालना ही उनका मकसद है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी क्रिकेटरों को समय-समय पर यहां आकर क्रिकेट के गुर सिखाएंगे।