साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब साइबर क्राइम विभाग युवाओं को ऐसे अपराधों के प्रति जागरूक करने के साथ ही प्रशिक्षित करने का काम भी करेगा। प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को बाकायदा सर्टिफिकेट भी जारी करेगा। इस मुहिम का मकसद युवाओं को साइबर अपराध के बढ़ते खतरों के प्रति सचेत करना है, वहीं प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा अपने परिवार के सदस्याें और आसपास रहने वाले लोगों को भी जागरूक कर सकेेंगे। इससे साइबर अपराध से लड़ने में पुलिस को मदद भी मिलेगी।
साइबर अपराध को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। नई पहल के तहत युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने की योजना बनाई गई है। ऐसे युवाओं को सर्टिफिकेट भी जारी किए जाएंगे। इसका मकसद युवा पीढ़ी में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता लाना है। भविष्य में ऐसे युवा साइबर वॉलंटियर की भूमिका भी निभा सकते हैं। -मोहित चावला, डीआईजी साइबर क्राइम