प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अड्डा पर दो युवक आपस में किसी बात को लेकर उलझ गए। पहले तो मामला कहासुनी तक सीमित रहा, लेकिन कुछ ही मिनटों में मामला उग्र रूप ले बैठा। देखते ही देखते एक युवक ने दराट निकाल लिया। युवक के हाथ में दराट देखकर पास की दुकान पर खड़ी एक स्थानीय महिला ने जोर से शोर मचाया और हिम्मत दिखाते हुए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ी।
महिला की चीख-पुकार सुनकर कुछ स्थानीय दुकानदार भी मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले हमलावर युवक ने दूसरे युवक पर दराट से गर्दन पर वार कर दिया। लेकिन बीच बचाव करने पहुंची महिला ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को अपनी तरफ खींच लिया।
युवक कुछ संभल पाता, उससे पहले ही हमलावर ने उसके सिर पर दूसरा वार कर दिया। गनीमत यह रही कि एक स्थानीय दुकानदार ने साहस दिखाते हुए हमलावर को पीछे से दबोच लिया, जिससे युवक की जान बच गई। हालांकि इस दौरान उस दुकानदार के हाथ पर दराट लग गया और उसे तीन टांके लगवाने पड़े। युवक के सिर पर भी चार टांके लगे हैं। वहीं करीब आधे घंटे बाद दो युवक बाइक पर आए और वहां से दराट को उठाकर भाग गए। उधर डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।