भरमौर-पठानकोट हाईवे पर बैली गांव के पास शुक्रवार सुबह 8:50 बजे सेना की कानवाई में चल रहे सेना के ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया। घायलावस्था में युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत लाया गया। यहां से सिविल अस्पताल डलहौजी रेफर किया गया। हादसे में मारे गए युवक की पहचान अभय कुमार (21) पुत्र रण सिंह निवासी ज्यूंता पंचायत के ढूंढ़ियारा बंगला के रूप में हुई है।
घायल की पहचान नवीन कुमार (19) पुत्र हरबंस लाल गांव ढूंढियारा बंगला के रूप में हुई है। पुलिस ने सिविल अस्पताल डलहौजी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। प्रशासन से मृतक के परिजनों को 25 हजार और घायल को पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। शुक्रवार सुबह डलहौजी आर्मी की कानवाई पठानकोट की ओर जा रही थी। इस दौरान विपरीत दिशा से अभय कुमार और नवीन कुमार पैदल अपने कार्य के लिए जा रहे थे।
कानवाई में चल रहे एक ट्रक ने आगे चल रहे दूसरे ट्रक को ओवरटेक करते हुए चालक की साइड में टक्कर मार दी। इससे चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया। चालक ट्रक को विपरीत दिशा की ओर हाईवे के बाहर ले गया। इससे पैदल जा रहे दोनों युवक ट्रक की चपेट में आ गए। इसके बाद ट्रक सड़क पर ही पलट गया। वहीं, क्रैश बैरियर और ट्रक के बीच आने से अभय गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
नवीन कुमार क्रैश बैरियर से बाहर जा गिरा। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया। इसके बाद डीएसपी डलहौजी और थाना प्रभारी अनिल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मृतक युवक के परिजन हाईवे पर ही बैठकर विलाप करने लगे। उन्होंने हादसे के आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, हादसे के बाद काफी देर तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि मृतक के परिजनों को 25 हजार और घायल के परिजनों को पांच हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने कहा कि बैली के समीप सेना ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई है। दूसरा घायल हो गया है। लोगों के बयान कलमबद्ध किए गए हैं।