गोबिंद सागर झील के लठियाणी मंदली घाट पर बुधवार दोपहर बाद स्टंट करते हुए बाइक झील में जा गिरी। हादसे में एक युवक लापता हो गया। जबकि झील किनारे गिरे अन्य युवक को उसके साथी ने बचा लिया। लापता युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। लापता युवक भारतीय सेना में कार्यरत बताया जा रहा है।
बुधवार दोपहर ढ़ाई बजे लठियाणी घाट गोबिंद सागर झील में दो बाइक पर बड़सर के तीन दोस्त घूमने आए। कार्तिक शर्मा पुत्र प्रीतम चंद गांव होलट डाकघर महारल तहसील बड़सर और मोटरसाइकिल के पीछे बैठे अर्पन ठाकुर पुत्र कृष्ण सिंह गांव मुतरियाणा डाकघर घंघोट तहसील बड़सर जिला हमीरपुर अपने दोस्त विवेक शर्मा का मोटरसाइकिल लेकर स्टंट करने लगे।
इनके साथ आए दोस्त विवेक शर्मा पुत्र ओंकार दत्त शर्मा गांव खेड़ी डाकघर बइना तहसील बड़सर जिला हमीरपुर ने इन्हें स्टंट न करने की सलाह भी दी, लेकिन स्टंट करते चालक कार्तिक गोबिंद सागर झील में मोटरसाइकिल सहित गिर गया। अर्पन ठाकुर झील के बाहर ही गिर गया। जिसे विवेक ने बचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाया। मौके पर एसडीएम विशाल शर्मा व एसएचओ प्रेमपाल शर्मा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
तलाश के लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया है। इधर, एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा के मुताबिक कार्तिक शर्मा का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। वीरवार को गोताखोर सर्च ऑपरेशन चलाएंगे। इधर, पुलिस थाना प्रभारी प्रेम पाल शर्मा ने कहा कि मौके पर मौजूद तीसरे साथी विवेक शर्मा ने यह घटना देखी है। उसके बयान कलमबद्ध कर लिए हैं।