युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर पहलवानों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शिमला में रोष रैली निकाली। प्रदर्शनकारी पहलवानों के समर्थन में कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला से लोअर बाजार होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक युवा कांग्रेस नेताओं ने रैली निकाली। जंतर-मंतर नई दिल्ली पर प्रदर्शनकारी पहलवानों के साथ मारपीट को लेकर युवा कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार की खूब आलोचना की। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष aनेगी निगम भंडारी ने कहा कि अपनी मेहनत और लगन से देश और अपने परिवार के लिए पदक लाने वाली महिला खिलाड़ियों के आंसू देखकर देश आज बहुत दुखी है।जंतर मंतर पर खिलाड़ियों के साथ हुआ व्यवहार बेहद शर्मनाक है। भाजपा भारत की बेटियों पर अत्याचार करने से कभी पीछे नहीं हटी है।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे से सीख सबसे पहले खुद केंद्र सरकार और उनके नुमाइंदों को लेनी चाहिए। भंडारी ने कहा कि जब यह पहलवान पदक जीतते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के तमाम नेता इनके साथ फोटो खिंचवाते हैं, लेकिन जब वह अपने साथ हुए शोषण पर आवाज उठा रहे हैं तो सरकार ही उन्हें रोने पर मजबूर कर रही हैं। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि युवा कांग्रेस देश की बेटियों के साथ मजबूती से खड़ी है। युवा कांग्रेस की मांग है कि बृज भूषण शरण सिंह को गिरफ्तार किया जाए ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के सहसचिव एवं सह प्रभारी योगेश हांडा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष यदोपति ठाकुर, राहुल चौहान, महेश ठाकुर, शिवम राणा, बृज भूषण, मनदीप ठाकुर, संदीप चौहान, हेम राज ठाकुर, भीम सिंह ठाकुर, धर्मेंद्र वर्मा, अनिल चौहान भी मौजूद रहे।