केंद्र सरकार की हर मोर्चे पर विफलताओं को लेकर युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मनीष ठाकुर के नेतृत्व में 24 अगस्त को चौड़ा मैदान शिमला में विशाल रैली निकाली जाएगी और विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश मीडिया समन्वयक शगुन दत्त शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 2014 के लोकसभा चुनावों में करोड़ों युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन धरातल पर स्थिति इससे कोसों दूर है।
इन दिनों देश में बेरोजगारी का स्तर यह हो गया है कि लोगों को नौकरी से निकाला जा रहा है। टेलीकॉम, आईटी, बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं में छंटनी की जा रही है। सरकार महंगाई का मुद्दा बनाकर सत्ता में आई थी, लेकिन महंगाई पर काबू पाने में नाकाम रही।
देश की जीडीपी में आई गिरावट ने केंद्र सरकार की कारगुजारी को जनता के सामने ला दिया है। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव, उपाध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, अखिल
भारतीय कांग्रेस समिति की सचिव आशा कुमारी, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सचिव कृष्णा अल्लावारू, राष्ट्रीय प्रवक्ता युवा कांग्रेस अमरीश रंजन पांडेय सहित प्रदेश नेतृत्व का धन्यवाद किया है।