पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर प्रदेश युवा कांग्रेस ने उनके भाषण का शिमला में विरोध किया। प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने मोदी के संदेश के खिलाफ जुलूस निकालते हुए इसे अपने प्रचार का हथकंडा और विद्यार्थियों के लिए बाध्यकारी कदम करार दिया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे पहाड़ी राज्य के जनजातीय और दूरदराज क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों में प्रधानमंत्री के संदेश के प्रसारण में क्षेत्रीय बंधन हैं। यह संदेश केवल बड़े शहरों में ही प्रसारित करना संभव था।
प्रधानमंत्री ने देश के जनजातीय एवं कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों पर विचार नहीं किया। यह कदम शहरों और कस्बों में रह रहे बच्चों और देश के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के साथ भेदभाव करने वाला था।
वास्तव में प्रधानमंत्री का संदेश कुछ ही बच्चों के लिए था, जिसे सुनाने के लिए बच्चों को जबरन स्कूलों अथवा अन्य निर्धारित स्थलों पर घंटों बैठाकर रखा गया। उन्होंने कहा कि मोदी यह भूल गए हैं कि देश में अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं, जहां इस प्रकार के प्रसारण की सुविधा नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह पूर्ण रूप से शिक्षा के नाम पर भेदभाव का मामला है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला भी फूंका।